नेपाल बाढ़ के बाद भारत अलर्ट, PM मोदी ने नेपाल को हरसंभव मदद का दिया भरोसा, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से की बात

PM Modi on Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत ने राहत और बचाव के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। नेपाल के रसुवा जिले में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़ी तबाही के बीच 133 भारतीयों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु भी शामिल बताए जा रहे हैं। भारत सरकार लगातार नेपाल के अधिकारियों के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनकी सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की और बाढ़ में हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। PM मोदी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत के लोग नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
यह भी पढ़ें:- नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, 100 लोगों की मौत, 1000 से ज्यादा लापता, 133 भारतीयों का पता नहीं
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय दल नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान में समन्वय कर रहे हैं। नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 जारी किए हैं। वहीं नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने पर्यटकों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1234, हॉटलाइन 1144 और टूरिस्ट पुलिस नंबर 9851289445 जारी किया है। भीषण बाढ़ के बीच तमिलनाडु के करीब 50 तीर्थयात्रियों के नेपाल में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ये लोग तीन वाहनों में सवार होकर यात्रा कर रहे थे। इनमें से एक वाहन में सवार यात्रियों ने टिमुरे स्थित सशस्त्र पुलिस बल की चौकी में शरण ली है। टिमुरे काठमांडू से करीब 150 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।

कैलाश मानसरोवर यात्रियों की तलाश तेज
फंसे हुए तीर्थयात्री तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों से बताए जा रहे हैं। इनमें चेन्नई, पुडुचेरी, चिदंबरम, कुंभकोणम, मयिलादुथुरई और तिरुचिरापल्ली के लोग शामिल हैं। तमिलनाडु सरकार के अधिकारी नेपाल की संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल के रसुवागढ़ी मार्ग से हर साल बड़ी संख्या में भारतीय श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए तिब्बत जाते हैं। इस बार बाढ़ ने इसी महत्वपूर्ण मार्ग को भारी नुकसान पहुंचाया है। नेपाल-चीन सीमा की ओर जाने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील तिब्बत में स्थित हैं और धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। हिंदू धर्म में कैलाश पर्वत को भगवान शिव का निवास माना जाता है। इसके अलावा बौद्ध, जैन और बोन परंपरा में भी इसका विशेष धार्मिक महत्व है। बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों के संपर्क से बाहर होने से उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। भारतीय और नेपाली एजेंसियां अब प्रभावित इलाकों में फंसे यात्रियों की लोकेशन और स्थिति का पता लगाने में जुटी हैं।
बिहार में भी अलर्ट, NDRF-SDRF तैनात
नेपाल में बाढ़ के बाद भारत के बिहार में भी प्रशासन अलर्ट पर है। आपदा प्रबंधन विभाग ने संभावित जलस्तर बढ़ने को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। कोसी, बागमती और गंडक के कैचमेंट इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। NDRF और SDRF की अतिरिक्त टीमें तैनात की जा रही हैं। गोपालगंज में NDRF टीम भेजने की तैयारी है, जबकि मुजफ्फरपुर में टीम को स्टैंडबाय रखा गया है। बेतिया में भी करीब दो घंटे के भीतर टीम की तैनाती की तैयारी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में नाव, राहत शिविर और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की जाएगी। नेपाल की आपदा का असर अब सिर्फ नेपाल तक सीमित नहीं रह गया है। सैकड़ों लोगों के लापता होने, भारतीय तीर्थयात्रियों के फंसे होने और बिहार में संभावित बाढ़ के खतरे के बीच भारत और नेपाल दोनों देशों की एजेंसियां राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता लापता भारतीयों और फंसे तीर्थयात्रियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित निकालना है।




