Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल में बाढ़ का कहर, बैंक-हाइड्रोपावर तबाह, 80 सुरक्षाकर्मी समेत सैकड़ों लापता, भारत-चीन अलर्ट

Nepal Flood Wreak Havoc: नेपाल के रसुवा जिले में आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। बाढ़ और भूस्खलन ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग समेत कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। नौ बैंकों की शाखाएं बह गई हैं और इनमें काम करने वाले 26 कर्मचारी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं सुरक्षा बलों के भी कई जवान बाढ़ की चपेट में आए हैं। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक अलग-अलग जगहों पर 80 सुरक्षाकर्मी लापता हैं, जिनमें 44 नेपाली सेना के जवान शामिल हैं। टेलीफोन और बिजली सेवाएं ठप होने के कारण राहत-बचाव टीमों को भी प्रभावित इलाकों से संपर्क करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढे़ं:- नेपाल बाढ़ के बाद भारत अलर्ट, PM मोदी ने नेपाल को हरसंभव मदद का दिया भरोसा, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से की बात

बाढ़ से नेपाल के जलविद्युत क्षेत्र को भी बड़ा नुकसान हुआ है। रसुवा और नुवाकोट में कम से कम 13 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट प्रभावित हुए हैं। इनमें चालू और निर्माणाधीन दोनों परियोजनाएं शामिल हैं। 20 मेगावाट की लांगटांग खोला जलविद्युत परियोजना का पावरहाउस बाढ़ में पूरी तरह बह जाने की जानकारी है। परियोजना में काम करने वाले करीब 60 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनमें सुरंग के अंदर काम कर रहे 35 कर्मचारी भी शामिल हैं। फंसे लोगों को निकालने और लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाल में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 14 हेलिकॉप्टर राहत और बचाव अभियान में लगाए गए हैं। हालांकि टिमुरे में भेजा गया एक रेस्क्यू हेलिकॉप्टर हेलिपैड बह जाने के कारण उतर नहीं सका और उसे काठमांडू लौटना पड़ा। (Nepal Flood Wreak Havoc)

PM बालेन ने सेना और सुरक्षाबलों को तैनाती के दिए निर्देश

पायलट के मुताबिक ऊपर से देखने पर टिमुरे गांव का बड़ा हिस्सा नजर नहीं आ रहा था। कई जगहों पर घर और बाजार मलबे में दब गए हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने रसुवा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है। प्रशासन की ओर से अतिरिक्त एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की जा रही है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को खतरा बढ़ने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। बाढ़ की वजह को लेकर ग्लेशियल झील फटने यानी GLOF की आशंका जताई जा रही है। रसुवा में पिछले 24 घंटे में 7 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश नहीं हुई थी, इसलिए स्थानीय बारिश को बाढ़ की मुख्य वजह नहीं माना जा रहा।

चीन में भी राहत अभियान तेज

शुरुआती आकलन के मुताबिक नेपाल की तरफ से आया बर्फ और मलबे का बड़ा हिस्सा ल्हेंदे नदी में गिरा, जिससे नदी का रास्ता रुक गया। पानी जमा होने के बाद अचानक अवरोध टूटने से तेज बहाव नीचे की ओर आया और भोटेकोशी नदी में फ्लैश फ्लड की स्थिति पैदा हुई। इसी दौरान तिब्बत क्षेत्र में सुबह 8:37 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप भी दर्ज किया गया था। बाढ़ और भूकंप की टाइमिंग लगभग आसपास होने के कारण दोनों के बीच संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है। ICIMOD-UNDP की 2020 की स्टडी के मुताबिक भोटेकोशी बेसिन में 122 ग्लेशियल झीलें हैं। इनमें से किस झील से पानी निकला, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसके लिए सैटेलाइट तस्वीरों और तकनीकी जांच की मदद ली जा रही है।

भारतीय वायुसेना भी स्टैंडबाय पर

तिब्बत में बाढ़ और मलबे की स्थिति के बाद चीन ने भी राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं। चीन की ओर से प्रभावित इलाके में 574 बचावकर्मियों को भेजा गया है। उनके साथ मलबा हटाने के लिए मशीनें और जरूरी उपकरण भी भेजे गए हैं। करीब 145 पुलिसकर्मियों और जवानों की तैनाती की भी जानकारी सामने आई है। नेपाल में बिगड़े हालात को देखते हुए भारत भी राहत अभियान के लिए तैयार है। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक भारतीय वायुसेना के C-17 और C-130 विमान स्टैंडबाय पर रखे गए हैं। इन विमानों के जरिए राहत सामग्री, दवाइयां और मलबा हटाने वाले उपकरण नेपाल भेजे जा सकते हैं। (Nepal Flood Wreak Havoc)

पिछले साल भी भोटेकोशी ने मचाई थी तबाही

नेपाल में बाढ़ का असर भारत तक पहुंचने की आशंका के चलते बिहार में भी प्रशासन अलर्ट पर है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग ने गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जताई है। NDRF और SDRF की टीमें तैनात की जा रही हैं और नदी किनारे के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। भोटेकोशी नदी तिब्बत से निकलकर नेपाल में प्रवेश करती है और आगे जाकर सुनकोशी नदी में मिलती है। यही नदी आगे सप्तकोशी यानी कोसी नदी का हिस्सा बनती है और फिर भारत के बिहार में प्रवेश करती है।

भोटेकोशी में पिछले साल भी भीषण बाढ़ आई थी। उस हादसे में 9 लोगों की मौत और 24 लोग लापता हुए थे। नेपाल और चीन को जोड़ने वाला फ्रेंडशिप ब्रिज भी बाढ़ में बह गया था, जिससे दोनों देशों के बीच सड़क संपर्क और व्यापार कई महीनों तक प्रभावित रहा था। फिलहाल इस बार की आपदा में सबसे बड़ी चुनौती लापता लोगों को ढूंढना, दुर्गम इलाकों में राहत पहुंचाना और दोबारा बाढ़ की आशंका से निचले इलाकों को सुरक्षित करना है। नेपाल की इस आपदा पर भारत और चीन दोनों की नजर है, जबकि बिहार में भी संभावित असर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नेपाल में बाढ़ ने जिंदगी, सड़क और बिजली के ढांचे को तहस-नहस कर दिया है, जबकि सैकड़ों लोगों की तलाश अब भी जारी है। अब नेपाल के साथ भारत और चीन भी अलर्ट पर हैं, क्योंकि इस कुदरती आफत का असर सीमा पार तक पहुंचने का खतरा बना हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!