Bird Flu: पहली बार पालतू बिल्लियों में बर्ड फ्लू, प्रशासन ने मटन-चिकन और अंडे की खरीद-बिक्री पर लगाई रोक
Bird Flu: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में पालतू बिल्लियों में बर्ड फ्लू (Bird Flu – H5N1) का पहला मामला सामने आया है. इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 30 दिनों के लिए मटन, चिकन और अंडे की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी है. संक्रमण से प्रभावित इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है. इस घटना के बाद प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है. साथ ही बिल्लियों के संपर्क में आए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़े :- जामा मस्जिद की नहीं होगी रंगाई-पुताई, ASI रिपोर्ट के बाद हाईकोर्ट का फैसला
देश में पहली बार पालतू बिल्लियों में बर्ड फ्लू
दरअसल, देश में पहली बार छिंदवाड़ा में पालतू बिल्लियों में बर्ड फ्लू (Bird Flu) की पुष्टि हुई है. 18 बिल्लियों की मौत के बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें से दो बिल्लियों में बर्ड फ्लू पाया गया. देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब बिल्लियों में बर्ड फ्लू पाया गया है. प्रशासन ने जिले में मटन-चिकन और अंडे की बिक्री पर 30 दिन के लिए रोक लगा दी है और संक्रमित इलाके की दुकानों को सील कर दिया है. बिल्लियों के संपर्क में आए 65 लोगों के सैंपल निगेटिव आए हैं।
तीन दिनों के अंदर ही इन बिल्लियों की मौत
अध्ययन में पाया गया कि संक्रमित बिल्लियों में तेज बुखार, भूख न लगना और सुस्ती जैसे लक्षण दिखाई दिए। नमूना लेने के एक से तीन दिनों के अंदर ही इन बिल्लियों की मौत हो गई। अध्ययन में बिल्लियों में पाए गए वायरस में 27 बदलाव देखे गए। इनमें से एक बदलाव वायरस को और तेजी से फैलने और गंभीर बीमारी पैदा करने से जुड़ा है। यह चिंता बढ़ाता है कि यह वायरस और भी खतरनाक हो सकता है।
इंसानों में आसानी से फैल सकता है वायरस
चूंकि यह वायरस एक प्रजाति से दूसरी प्रजाति में फैल सकता है वैज्ञानिकों ने घरेलू मुर्गियों, जंगली पक्षियों, स्तनधारी पालतू जानवरों पर नज़र रखने की सलाह दी है। एक वायरोलॉजिस्ट ने कहा कि हमें इस बात के लिए तैयार रहना चाहिए कि यह वायरस इंसानों में आसानी से फैल सकता है। अभी इंसान से इंसान में इसका संक्रमण आसानी से नहीं होता है। लेकिन वायरस में हो रहे बदलाव हमें सतर्क और महामारी के लिए तैयार रहने का संकेत देते हैं।



