Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार का काबूलनामा, कहा- भारत के ड्रोन हमले में नूरखान एयरबेस को पहुंचा भारी नुकसान

Foreign Minister Ishaq Dar: पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने एक बार फिर यह स्वीकार किया है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के रणनीतिक रूप से अहम नूरखान एयरबेस पर बड़ा ड्रोन हमला किया था। डार ने माना कि इस हमले में पाकिस्तानी सेना के कई जवान घायल हुए और सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा। साल की आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इशाक डार ने कहा कि भारत ने 36 घंटे के भीतर पाकिस्तान की ओर करीब 80 ड्रोन भेजे थे। डार के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने इनमें से 79 ड्रोन को मार गिराया, लेकिन एक ड्रोन नूरखान एयरबेस तक पहुंच गया, जिससे वहां नुकसान हुआ।

यह भी पढ़ें:- पाक राष्ट्रपति जरदारी का भड़काऊ बयान, कहा- भारत को समझ आ गया युद्ध बच्चों का खेल नहीं

डार ने यह भी स्वीकार किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के सिर्फ नूरखान एयरबेस ही नहीं, बल्कि कुल 11 सैन्य एयरबेस को निशाना बनाया, जिससे पाकिस्तान के सैन्य ढांचे को व्यापक क्षति पहुंची। भारत की ओर से यह कार्रवाई 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत हो गई थी, जिसकी जिम्मेदारी आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी।

पहले भी मान चुके हैं डार

यह पहला मौका नहीं है जब इशाक डार ने भारत के हमले को स्वीकार किया हो। इससे पहले जून महीने में जियो न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में भी उन्होंने माना था कि भारत ने नूरखान और शोरकोट एयरबेस पर हमला किया था। डार ने बताया था कि 6-7 मई की रात जब पाकिस्तान भारत पर जवाबी कार्रवाई की तैयारी कर रहा था, तभी भारत ने दोबारा स्ट्राइक करते हुए नूरखान और शोरकोट एयरबेस को निशाना बनाया। (Foreign Minister Ishaq Dar)

बता दें कि शुरुआती दौर में पाकिस्तान सरकार और सेना लगातार भारत के हमलों से इनकार करती रही, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अब डिप्टी पीएम इशाक डार ने इन हमलों की बात मानी। भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नूरखान एयरबेस उन प्रमुख ठिकानों में शामिल था, जहां कार्रवाई की गई। भारत का कहना है कि यह जवाबी हमला पाकिस्तान की ओर से भारत के सीमावर्ती इलाकों पर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद किया गया था।

इन एयरबेस को भी पहुंचा नुकसान

भारत ने यह भी बताया कि इस ऑपरेशन के तहत TRF जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों को भी निशाना बनाया गया, जिनका मकसद आतंकवाद को जड़ से खत्म करना था। भारतीय रक्षा सूत्रों के अनुसार, नूरखान के अलावा पाकिस्तान के रफीकी, मुरिद, रहीम यार खान, सुक्कुर, चुनियन, स्कर्दू, भोलारी, जैकोबाबाद और सरगोधा एयरबेस को भी भारी नुकसान पहुंचा। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की शुरुआत 6 और 7 मई की रात को की थी। इस दौरान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर और मुरीदके जैसे इलाकों में स्थित आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए। (Foreign Minister Ishaq Dar)

भारतीय एयर डिफेंस रहा पूरी तरह सतर्क

इसके जवाब में 8 मई की शाम को पाकिस्तान ने भारत के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने की कोशिश की। पाकिस्तान ने इस दौरान तुर्किये और चीन के ड्रोन का इस्तेमाल किया, लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली के सामने उसे नाकामी हाथ लगी। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह अलर्ट पर थी। छोटे हथियारों से लेकर आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम तक, हर स्तर पर पाकिस्तान के ड्रोन को नष्ट किया गया। इसके साथ ही भारतीय सेना ने सीमा पार तोपों और रॉकेट लॉन्चरों के जरिए पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया और उसे जवाबी कार्रवाई में उलझाए रखा।

Back to top button
error: Content is protected !!