Google Analytics —— Meta Pixel

भारत, रूस और चीन की एकजुटता पश्चिम और अमेरिका को देगा बड़ा संदेश: पूर्व राजदूत राजीव भाटिया

Former Ambassador Rajiv Bhatia: चीन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल की जापान-चीन यात्राओं पर विशेषज्ञों और पूर्व राजनयिकों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही इसे भारत की विदेश नीति की एक बड़ी कूटनीतिक सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान भारत ने सुरक्षा, सहयोग और आतंकवाद विरोधी प्रतिबद्धता को मजबूती से रखा। साथ ही वैश्विक और क्षेत्रीय साझेदारियों को आगे बढ़ाया। पूर्व राजदूत राजीव भाटिया ने कहा कि बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में यह SCO बैठक असाधारण महत्व की थी। अमेरिकी नीतियों से बनी अनिश्चितता के बीच भारत ने नए सहयोगी स्तंभों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की टोक्यो यात्रा बेहद सफल रही और चीन में मिली उपलब्धियां भी सामने हैं।

यह भी पढ़ें:- भारत-अमेरिका व्यापार रिश्ते एकतरफा, अब टैरिफ कम करने में बहुत देर हो चुकी है: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

भाटिया के मुताबिक चीन यात्रा एशियाई और यूरेशियन शक्तियों जैसे भारत, रूस और चीन के बीच उभरती एकजुटता को दर्शाती है। यह संदेश G7, पश्चिमी देशों और अमेरिका तक जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का भाषण सार्थक और परिणामकारी था। PM मोदी ने साफ कहा कि भारत के लिए SCO का अर्थ सुरक्षा, संपर्क और अवसर है। PM मोदी ने आतंकवाद पर दोहरे मापदंड न अपनाने की बात रखी, जिसे SCO घोषणापत्र में पूरी तरह से समर्थन मिला। घोषणा पत्र में भारत को भरपूर समर्थन और पहलगाम हमले पर सहानुभूति भी व्यक्त की गई। भाटिया ने कहा कि यह भारत की विदेश नीति का हिस्सा है कि समय-परीक्षित भारत-रूस संबंध मजबूत बने रहें और अब भारत-चीन संबंधों के सामान्यीकरण की प्रक्रिया भी तेज हो रही है। (Former Ambassador Rajiv Bhatia)

उनका मानना है कि चीन की ओर से भारत की चिंताओं, खासकर आतंकवाद के मुद्दे पर ज्यादा उदार रवैया अपनाया गया। चीन के समर्थन के बिना आतंकवाद पर इतनी कड़ी आलोचना SCO घोषणा पत्र में शामिल नहीं हो सकती थी। पूर्व राजनयिक वीना सीकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जापान और चीन यात्राएं बेहद सफल रहीं। जापान यात्रा द्विपक्षीय थी, जिसने आने वाले दशक और उससे आगे के लिए दोनों देशों के रिश्तों की दिशा तय कर दी। सीकरी ने बताया कि भारत और जापान के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्वाड हो या न हो, दक्षिण चीन सागर में द्विपक्षीय सहयोग जारी रहेगा। जापानी तकनीक का उपयोग भारत में रक्षा उत्पादों, जैसे नौसेना के जहाजों के संचार उपकरणों के निर्माण में हो रहा है। यह साझेदारी “जापानी तकनीक और भारतीय प्रतिभा” का बेहतरीन उदाहरण है। (Former Ambassador Rajiv Bhatia)

उन्होंने कहा कि भारत में जापानी निवेश और निर्माण से न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया को फायदा मिलेगा। चीन यात्रा बहुपक्षीय उद्देश्य, SCO शिखर सम्मेलन के लिए थी, लेकिन यहां भी द्विपक्षीय मुलाकातें अहम रहीं। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग, राष्ट्रपति पुतिन और अन्य नेताओं से मुलाकात कर भारत के विचारों और सहयोग की योजनाओं को मजबूत किया। सीकरी ने कहा कि मोदी ने सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा चीन के राष्ट्रपति के सामने भी उठाया और शिखर सम्मेलन में भी आतंकवाद पर जोर दिया। उन्होंने पहलगाम हमले का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से रखे गए सभी बिंदु अंतिम तियानजिन घोषणा पत्र में प्रतिबिंबित हुए। यह इस बात का प्रमाण है कि SCO ने भारत की बातों को न सिर्फ सुना, बल्कि उन्हें अपने आधिकारिक दस्तावेज में शामिल भी किया। बता दें कि SCO शिखर सम्मेलन और प्रधानमंत्री मोदी की जापान-चीन यात्राएं भारत की विदेश नीति में मजबूत कदम साबित हुईं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दौरों से भारत ने न सिर्फ आतंकवाद के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समर्थन पाया, बल्कि एशियाई शक्तियों के साथ अपने रिश्तों को भी नई ऊर्जा दी। (Former Ambassador Rajiv Bhatia)

Back to top button
error: Content is protected !!