Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाया तो हमें 100% लगा देना चाहिए था: पूर्व CM अरविंद केजरीवाल

Former CM Arvind Kejriwal: अमेरिकी टैरिफ को लेकर AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। मोदी सरकार ने अमेरिकन कपास पर 31 दिसंबर तक ड्यूटी माफ कर दी। PM मोदी ने किसानों के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात किया है। मोदी जी ने ट्रम्प के आगे पूरी तरह से घुटने टेक दिए हैं। ये ना केवल किसानों, उद्योगों और रोज़गार के लिए खतरनाक है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सम्मान पर प्रहार है। ट्रम्प के आगे मोदी जी नतमस्तक क्यों हैं ? देश जानना चाहता है कि उनकी क्या मजबूरी है ?

यह भी पढ़ें:- 75 साल की उम्र के बाद रिटायरमेंट को लेकर बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत, कहा- न मैं रिटायर हो रहा हूं और न ही किसी से कहा है

केजरीवाल ने कहा कि जितना ट्रम्प के आगे झुकोगे, वो उतना ही झुकाएगा। एक बार उसको मुंहतोड़ जवाब तो दो। फिर देखो वो कैसे भीगी बिल्ली बनता है, जिस देश ने भी ट्रम्प का बहादुरी से जवाब दिया, ट्रम्प को उनके आगे झुकना पड़ा। पिछले दिनों मोदी जी ने चोरी-छिपे एक बड़ा फैसला लिया है, जो हमारे किसानों के साथ धोखा है। ट्रंप के दबाव में अमेरिका से आने वाली कपास पर 11% इंपोर्ट ड्यूटी हटा दी गई है। अब जब तक भारत के किसानों की कपास मंडी में पहुंचेगी, तब तक व्यापारी अमेरिका की सस्ती कपास खरीद लेंगे। नतीजा भारतीय किसानों को भारी घाटा और मजबूरी में आत्महत्या तक का खतरा। मोदी जी किसानों की कमर तोड़कर आप किसका भला कर रहे हैं ? (Former CM Arvind Kejriwal)

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह फैसला सीधे किसानों के खिलाफ है। गुजरात, विदर्भ, महाराष्ट्र और पंजाब के किसान सबसे ज़्यादा प्रभावित होंगे। सिर्फ जनवरी से मार्च के बीच महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या की। गरीब किसानों की मदद करने के बजाय मोदी जी ने उनकी पीठ में छुरा घोंप दिया है। आज हमारा देश दो तरफ से मार खा रहा है। एक तरफ ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाकर हमारी इंडस्ट्री को खत्म करने की साजिश की और दूसरी तरफ मोदी जी ने अमेरिका के सामने झुकते हुए अमेरिका के माल पर टैरिफ ही हटा दिया। अब भारत का किसान और व्यापारी दोनों बर्बाद होंगे। ट्रंप ने 50% लगाया था तो मोदी जी को तो अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए था। (Former CM Arvind Kejriwal)

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 7 सितंबर को गुजरात के सुरेन्द्र नगर के चोटिला में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जनसभा होगी। ये वही इलाका है जहाँ देश का सबसे ज़्यादा कपास पैदा करने वाला किसान रहता है। जब मोदी सरकार ने किसानों की पीठ में छुरा घोंपा है, तब जरूरी है कि पूरे देश के किसान संगठन और राजनीतिक पार्टियां एकजुट होकर आवाज उठाएं। ट्रंप की गुंडागर्दी और दादागिरी का जवाब देना ही होगा। अगर अमेरिका ने हमारे माल पर 50% टैरिफ लगाया है तो भारत को भी अमेरिका पर टैरिफ बढ़ा देना चाहिए। मोदी जी, हिम्मत तो दिखाइए पूरा देश आपके साथ खड़ा होगा। अगर ये भी नहीं कर सकते तो कम से कम कपास किसानों को बचाने के लिए तुरंत अमेरिका की कपास पर 11% ड्यूटी वापस लगाइए। उन्होंने कहा कि लोगों में चर्चा है कि कांग्रेस ने BJP के साथ गठबंधन किया है और इसीलिए गांधी परिवार का कोई भी सदस्य जेल नहीं गया। (Former CM Arvind Kejriwal)

AAP विधायक संजीव झा ने कहा कि अमेरिका लगातार भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ा रहा है, लेकिन मोदी सरकार ने अमेरिकी कपास पर से आयात शुल्क शून्य कर दिया है। इससे भारतीय कपास की तुलना में अमेरिकी कपास 20% सस्ता हो जाएगा और भारत के किसानों को नुकसान होगा। हाउडी मोदी और नमस्ते ट्रम्प पर सैंकड़ों करोड़ खर्च कर दिया, लेकिन इससे भारत को क्या हासिल हुआ? प्रधानमंत्री मोदी दूसरे देशों में जाकर उनके नेताओं के कंधे पर हाथ रख लेते हैं, लेकिन भारत का नुक़सान हो रहा है। हर बात पर बोलने वाले प्रधानमंत्री मोदी साइलेंट मोड में चले गए हैं। आप प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि PM मोदी लगातार अमेरिका के आगे घुटने टेक रहे हैं। अमेरिका लगातार भारत पर टैरिफ बढ़ाता जा रहा है, लेकिन मोदी सरकार दबाव में आकर अमेरिकी कपास पर से 11% आयात शुल्क हटाकर भारतीय किसानों को खत्म करने जा रही है। (Former CM Arvind Kejriwal)

ढांडा ने कहा कि अभी अमेरिका से कपास 5% आयात होता है, लेकिन अमेरिका पर से आयात शुल्क हटाने से यह 35% को पार कर जाएगा। इससे भारतीय किसानों की कपास नहीं बिकेगी और भारत का किसान मरेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कपास के किसानों की पीठ में छुरा मारा है। देश के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस आपस में नूरा कुश्ती कर रही हैं। प्रधानमंत्री को गाली देकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस को चाहिए कि प्रधानमंत्री को गाली देने वालों के खिलाफ FIR करवाए। असल मुद्दा यह है कि मोदी सरकार ने किसानों को बर्बाद करने के लिए अमेरिका के कपास पर से 11% आयात शुल्क हटा दी है। इसके कारण पंजाब, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और तेलंगाना का किसान अपने ही देश में कपास नहीं बेच पाएगा और बर्बाद हो जाएगा। (Former CM Arvind Kejriwal)

Back to top button
error: Content is protected !!