Google Analytics —— Meta Pixel

दुर्ग में भुइयां पोर्टल हैक कर सरकारी जमीन में छेड़छाड़, बिलासपुर, राजनांदगांव और जांजगीर जिले में भी करोड़ों की ठगी

Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और डिजिटल हैकिंग के कई गंभीर मामले सामने आए हैं। दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव और जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला दुर्ग का है, जहां पुलिस ने भुइयां पोर्टल में फर्जीवाड़ा कर सरकारी जमीनों की बिक्री और बैंक से अवैध धन निकासी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। साथ ही एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें:- नारायणपुर में 28 नक्सलियों ने किया सरेंडर, विकास और शांति की ओर बढ़ा अबूझमाड़

अहिवारा के तहसीलदार राधेश्याम वर्मा ने 13 अगस्त 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी हल्का-16 के छोटी और मुरमुंदा गांव के भुइयां पोर्टल में हैकिंग कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और एसबीआई नंदिनी नगर शाखा से 36 लाख रुपए का आहरण किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी संजय वर्मा ने मुरमुंदा पटवारी के सहायक कार्य में लगे एक नाबालिग को लालच देकर पटवारी का यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल किया। इसके बाद गिरोह ने शासकीय जमीनों में छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार करते हुए बैंक से कर्ज भी लिया। (Fraud in Chhattisgarh)

प्रॉपर्टी डील के नाम पर 40 लाख की धोखाधड़ी

पुलिस पहले ही एन.के. साहू, अमित कुमार मौर्य और गणेश प्रसाद तंबोली को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डील के बहाने स्कूल संचालक अजीत शुक्ला से 40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक अप्रैल 2024 में दिनेश प्रताप सिंह ने अजीत शुक्ला को भास्कर त्रिपाठी से मिलवाया। विवेकानंद नगर स्थित एक मकान की बिक्री के लिए 50 रुपए के स्टांप पर 26 अप्रैल को इकरारनामा बनाया गया। सौदा तय होने पर शुक्ला ने 36 लाख रुपए भास्कर त्रिपाठी के खाते में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं करवाई गई। 

फर्जी जमीन दिखाकर लाखों की ठगी

जांच में पता चला कि मकान पहले से एयू बैंक में बंधक था। आरोपियों ने फर्जी दूसरा इकरारनामा तैयार किया। पीड़ित को सिर्फ फोटोकॉपी दिखाकर गुमराह किया गया, जिसमें नामांतरण पत्रक भी नहीं था। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर धारा 420 और 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक कथित प्रॉपर्टी डीलर सईद खान ने शिकायतकर्ता को लखोली क्षेत्र में 5,000 वर्गफुट जमीन दिखाकर 27 लाख 50 हजार रुपए का सौदा किया था। आरोपी ने सौदे के नाम पर 6 लाख रुपए बयाना भी ले लिया, लेकिन रजिस्ट्री करवाई नहीं गई। पीड़ित ने जब जमीन के दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया, वह सईद खान की थी ही नहीं।

नकली चौहद्दी दिखाकर जमीन बेचने की कोशिश

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर सईद खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगा है। 23 नवंबर को जांजगीर-चांपा में सामने आए मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रॉपर्टी ठगी करने वाले आरोपी सुनील सिंह (39 साल) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक दूसरी जमीन की नकली चौहद्दी दिखाकर अपनी जमीन बताकर सौदा किया था। इस दौरान उसने 2 लाख 50 हजार रुपए लेकर फर्जी विक्रय पत्र तैयार किया और पीड़ित से धोखाधड़ी की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 

जमीन और प्रॉपर्टी फर्जीवाड़ों को लेकर पुलिस सख्त

इन चारों मामलों में पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी, भुइयां पोर्टल में छेड़छाड़ और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल और दस्तावेज-आधारित ठगी के मामलों में आगे भी कार्रवाई तेज की जाएगी। छत्तीसगढ़ में ठगी और धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही लोगों को भी सतर्क रहने की जरुरत है, ताकि वे अपनी मेहनत की कमाई कहीं भी न गंवाएं। (Fraud in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!