नारायणपुर में 28 नक्सलियों ने किया सरेंडर, विकास और शांति की ओर बढ़ा अबूझमाड़

Naxalite Surrender in Narayanpur: नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में 89 लाख के इनामी 28 नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया है, जिन्होंने पूना मारगेम अभियान के तहत बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. के सामने सरेंडर कर दिए हैं, जिनमें 19 महिला और 9 पुरुष नक्सली शामिल हैं। इनमें से 2 पुरुष और 1 महिला नक्सली ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है। IG सुंदरराज पी. ने इसे अबूझमाड़ डिवीजन को नक्सल-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि समर्पण करने वाले सभी नक्सलियों ने समाज में सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई है, जो क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ देश का सबसे भरोसेमंद और तेज़ी से उभरता औद्योगिक गंतव्य: मुख्यमंत्री साय
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने भी आश्वासन दिया कि सभी समर्पित नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजना के तहत पूरी सहायता और लाभ प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से समाज में पुनर्स्थापित हो सकें। समर्पणों की बढ़ती संख्या ने अबूझमाड़ में शांति और विकास की नई उम्मीदें जगाई हैं। बता दें कि 50 दिनों में बस्तर रेंज में 512 से ज्यादा नक्सली मुख्यधारा में लौटे और शांति प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी है।

2025 में नारायणपुर में आत्मसमर्पण का आंकड़ा 287 पर पहुंची, जो प्रदेश का अग्रणी जिला बना।नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के घने जंगलों में स्थित जाटलूर को कभी नक्सलियों के शीर्ष नेताओं का गढ़ माना जाता था, जो अब बदलाव की राह पर है। यही वह क्षेत्र है, जहां नक्सल संगठन के महासचिव बसवा राजू मारा गया था। सालों तक हिंसा की छाया में रहने वाले इस इलाके में अब प्रशासनिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।

इसी बदलाव का प्रतीक बनी हैं कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई, जो जाटलूर तक बाइक से पहुंचने वाली पहली कलेक्टर बन गई हैं। उनका यह दौरा सुरक्षाबलों और प्रशासन का बढ़ता आत्मविश्वास दर्शाता है। दौरे के दौरान कलेक्टर ममगाई ने ढोंडर बेड़ा, आदेर, कुड़मेल और जाटलूर की आश्रम शालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों को समझा। साथ ही ग्रामीणों के साथ बैठकों में उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, संचार, बिजली और रोजगार से संबंधित समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने सालों से उपेक्षित क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और संचार नेटवर्क की कमी पर चिंता जताई। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि अबूझमाड़ को मुख्यधारा से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने बताया कि ओरछा से आगे लगातार पुलिस बेस कैंपों की स्थापना से इलाके में सुरक्षा मजबूत हुई है। इससे प्रशासनिक अधिकारियों के लिए दुर्गम गांवों तक पहुंच आसान हो सकी है। पुलिस की मौजूदगी से नक्सल गतिविधियों में कमी आई है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। सड़कों के निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सड़कें बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, जिससे अबूझमाड़ के ग्रामीण विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। (Naxalite Surrender in Narayanpur)

जाटलूर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कलेक्टर ममगाई का बाइक से पहुंचना सिर्फ एक प्रशासनिक दौरा नहीं, बल्कि विश्वास और संवेदनशीलता का एक मजबूत संदेश है। इस कदम ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी कम की है और यह दिखाया है कि अबूझमाड़ में बदलाव का नया दौर शुरू हो चुका है। कभी नक्सल प्रभाव से भयभीत रहा यह इलाका अब विकास की रोशनी महसूस कर रहा है। कलेक्टर के इस साहसिक कदम ने लोगों में नई उम्मीदें जगाई हैं कि आने वाला समय अबूझमाड़ के लिए शांति और प्रगति का होगा। (Naxalite Surrender in Narayanpur)




