रिटायर्ड फौजी से 8 लाख की ठगी, ई-चालान के नाम पर 5.12 लाख पार
Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एक के बाद एक ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। सक्ती में रिटायर्ड फौजी के खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर 8 लाख की ठगी का मामला सामने आया। वहीं राजधानी रायपुर में ई-चालान के नाम पर महिला का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने 5.12 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने म्यूल अकाउंट पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए HDFC और इंडसइंड बैंक के 148 खाताधारकों पर FIR दर्ज की है। इसी बीच खमतराई इलाके में खाद्यान्न घोटाले का भंडाफोड़ हुआ, जहां स्व सहायता समूह की आड़ में सरकारी दुकान से सैकड़ों क्विंटल चावल और शक्कर की हेराफेरी का मामला पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें:- जशपुर में प्रेम कहानी का दुखद अंत, युवक-युवती की लाश मिलने से सनसनी
सक्ती जिले में रिटायर्ड आर्मी जवान अमर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से 8 लाख रुपए की बड़ी निकासी कर ली गई है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सकरेली कला के लाभेश साहू ने दो नाबालिग लड़कों के साथ मिलकर यह ठगी की है। आरोपियों ने प्रार्थी की पत्नी का चेक हासिल कर उसमें फर्जी हस्ताक्षर किए और भारतीय स्टेट बैंक शाखा सक्ती से दो किस्तों में कुल 8 लाख का आहरण किया। (Fraud in Chhattisgarh)
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
पुलिस ने जब आरोपी लाभेश को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की,तो उसने पूरी साजिश कबूल की। लाभेश ने बताया कि फर्जी हस्ताक्षर वाले चेक से निकाली गई रकम को आपस में बांटा गया और उससे महंगे मोबाइल, बाइक और चांदी के जेवर खरीदे। पुलिस ने कुल मिलाकर 3 लाख 66 हजार 500 के सामान जब्त किए हैं। नाबालिग आरोपियों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि बैंकिंग स्तर पर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं। (Fraud in Chhattisgarh)
पुलिस ने जब्त किए सामान
- वन प्लस कंपनी का मोबाइल – 20,000
- सैमसंग कंपनी का मोबाइल – 1,21,000
- 3 नग चांदी की राखी – 1,500
- आईफोन कंपनी का मोबाइल – 64,000
- चांदी का कड़ा – 1,500
- चांदी की अंगूठी – 500
- होंडा एसपी साइन मोटर साइकिल – 1,58,000
ई-चालान के नाम पर 5.12 लाख की ठगी
राजधानी रायपुर में साइबर अपराधियों ने एक नया तरीका अपनाकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। संजय नगर की महिला के मोबाइल पर एक APK फाइल भेजी गई, जिसे इंस्टॉल करते ही महिला का फोन हैक हो गया। फोन हैक होने के बाद अपराधियों ने महिला के बैंक खाते से 5 लाख 12 हजार निकाल ली। बता दें कि हाल ही में रायपुर यातायात पुलिस ने ई-चालान के नाम पर ठगी की घटनाओं को लेकर अलर्ट जारी किया था। चेतावनी दी गई थी कि नागरिक अज्ञात लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें, लेकिन बावजूद इसके अपराधियों ने महिला को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम दिया। (Fraud in Chhattisgarh)
म्यूल अकाउंट मामले में 148 खाताधारकों पर FIR
मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और साइबर सेल की मदद से ठगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आम लोगों को जागरूक रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी में पैसों को घुमाने के लिए इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट पर राजधानी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि डीडी नगर थाना क्षेत्र में HDFC बैंक के 79 खाता धारकों पर FIR दर्ज की गई है। माना थाना क्षेत्र में इंडसइंड बैंक के 69 खाता धारकों पर FIR दर्ज की गई है। कुल मिलाकर 148 खाता धारकों के खिलाफ म्यूल अकाउंट मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आम जनता को चेतावनी
पुलिस का कहना है कि इन खातों का उपयोग साइबर अपराधी ठगी और धोखाधड़ी से हासिल रकम को घुमाने के लिए करते थे। अब इन खाताधारकों की गिरफ्तारी की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि लोग अपने बैंक खाते दूसरों को किराए पर न दें या इस्तेमाल के लिए उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना भी अपराध की श्रेणी में आता है और इस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। (Fraud in Chhattisgarh)
सरकारी चावल-शक्कर की गड़बड़ी
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में खाद्यान्न घोटाले का बड़ा मामला उजागर हुआ है। एक महिला आरोपी ने स्वयं को स्व सहायता समूह की अध्यक्ष बताकर सरकारी राशन दुकान का संचालन किया और बड़ी मात्रा में अनाज की हेराफेरी की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर खाद्यान्न का उठाव किया और उसका दुरुपयोग किया। पहली दुकान से 222.69 क्विंटल चावल और 3.24 क्विंटल शक्कर की गड़बड़ी पाई गई। दूसरी दुकान से 241.58 क्विंटल चावल और 0.71 क्विंटल शक्कर की गड़बड़ी सामने आई। कुल मिलाकर सैकड़ों क्विंटल चावल और कई क्विंटल शक्कर की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। आवश्यक वस्तु अधिनियम और धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है।



