Google Analytics —— Meta Pixel

जशपुर में प्रेम कहानी का दुखद अंत, युवक-युवती की लाश मिलने से सनसनी

Dead Body of Couple: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमी जोड़े की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। युवक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। जबकि युवती का शव उसी पेड़ के नीचे पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले प्रेमिका की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट डाले थे, जिनमें उसने गर्लफ्रेंड पर धोखा देने का आरोप लगाया था। घटना कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान चूड़ामणि पैंकरा (24 साल), निवासी टांगरगांव और युवती की पहचान संदीला पैंकरा (24 साल), निवासी माटीपहाड़छर्रा के रूप में हुई है। दोनों 16 सितंबर की रात से लापता थे।

यह भी पढ़ें:- रायपुर के आरंग बस स्टैंड के पास 13 साल की नाबालिग से दुष्कर्म, इंस्टाग्राम से दोस्ती के बाद छात्रा से रेप

जानकारी के मुताबिक घटना से पहले युवक ने फेसबुक पर कई पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में लिखा था कि संदीला मुझसे चीट कर रही थी, इसलिए मुझे ये कदम उठाना पड़ा। माफ करना मुझे, अगर दूसरा जन्म होता है तो अगली जिंदगी चाहिए। ये दुनिया के लोग धोखेबाज हैं, ऐसी जिंदगी अब नहीं जीना मुझे। दूसरे पोस्ट में लिखा- सब छीनना चाहते थे मेरी प्रेमिका को, आज मैंने सबसे छीन लिया, हम दोनों को। इसके अलावा उसने यह भी लिखा था कि आज मेरी मौत होगी। (Dead Body of Couple)

कैसे हुआ खुलासा ?

16 सितंबर की रात खाना खाने के बाद युवती संदीला घर से निकली थी, लेकिन लौटकर नहीं आई। अगले दिन सुबह युवती के पिता ने कोल्हेनझरिया चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान गांव के गोठान के पास पेड़ के नीचे युवती की लाश और उसी पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर कोल्हेनझरिया चौकी और तुमला थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। (Dead Body of Couple)

जांच में सामने आया है कि युवक चूड़ामणि के रिश्तेदार माटीपहाड़छर्रा गांव में रहते थे। इसी कारण उसका अक्सर वहां आना-जाना होता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात संदीला से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ समय से दोनों के संबंधों में खटास आ गई थी। आशंका है कि युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया, विवाद हुआ और गुस्से में उसने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। (Dead Body of Couple)

हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच

SP जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है। युवक द्वारा युवती की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। इससे पहले कोंडागांव जिले में भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां एक लड़के और लड़की का शव एक ही पेड़ पर लटकता मिला था। मृतकों की पहचान केशव नेताम (19 साल) और 17 साल की छात्रा के रूप में हुई थी। (Dead Body of Couple)

Back to top button
error: Content is protected !!