फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने PM मोदी से की बात, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों पर चर्चा

French President Talks Modi: फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता दोहराई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि नेताओं ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया क्षेत्र में संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए चल रहे प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। राष्ट्रपति मैक्रों ने वाशिंगटन में यूरोप, अमेरिका और यूक्रेन के नेताओं के बीच हाल ही में हुई बैठकों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने गाजा की स्थिति पर भी अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान और शांति समेत स्थिरता की जल्द बहाली के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, असैन्य परमाणु सहयोग, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के क्षेत्रों समेत द्विपक्षीय सहयोग के एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और 2026 को उचित तरीके से ‘नवाचार वर्ष’ के रूप में चिह्नित करने की संयुक्त प्रतिबद्धता की पुष्टि की। राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को जल्द संपन्न करने के लिए भी समर्थन व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने सभी मुद्दों पर संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है। (French President Talks Modi)

उन्होंने कहा कि हमने यूक्रेन में युद्ध पर अपनी स्थिति पर सहमति जताई, ताकि यूक्रेन और यूरोप की सुरक्षा की मजबूत गारंटी के साथ न्यायपूर्ण और स्थायी शांति की ओर बढ़ सकें। व्यापार के मुद्दों पर हम सभी क्षेत्रों में अपने आर्थिक आदान-प्रदान और अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमत हुए हैं। यही हमारी संप्रभुता और स्वतंत्रता की कुंजी है। पिछले फरवरी में पेरिस में आयोजित एआई एक्शन समिट के बाद हम 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता के लिए काम कर रहे हैं। ज्यादा प्रभावी बहुपक्षवाद के लिए हम 2026 में G7 की फ्रांसीसी अध्यक्षता और ब्रिक्स की भारतीय अध्यक्षता की तैयारी में मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं। (French President Talks Modi)



