Google Analytics —— Meta Pixel

बालोद में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती से गैंगरेप, बारिश में झाड़ियों के बीच अर्धनग्न मिली, संदिग्धों की तलाश तेज

Gang Rape in Balod: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जिला मुख्यालय स्थित पर्यावरण पार्क के पास 26 साल की मानसिक रूप से विक्षिप्त और बेघर युवती अर्धनग्न, बेहोशी की हालत में झाड़ियों में मिली। प्रारंभिक जांच में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीन संदिग्धों की तलाश में साइबर सेल सहित कई टीमें जुटी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक 16 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग स्थित पर्यावरण पार्क के पास तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों की नजर झाड़ियों में पड़ी, जहां एक युवती अर्धनग्न और अचेत अवस्था में पड़ी थी।

यह भी पढ़ें:- सिक्किम के निर्माणाधीन टनल में लैंडस्लाइड से 7 मजदूरों की मौत, 20 अब भी सुरंग में फंसे, मीथेन गैस ने बढ़ाई मुश्किलें

राहगीरों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे सखी सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता अंतागढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह लंबे समय से बेघर होकर भीख मांगकर अपना गुजारा कर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह कांकेर की ओर से किसी वाहन में लिफ्ट लेकर बालोद पहुंची थी। जांच में यह भी पता चला है कि युवती पहले कांकेर के सखी सेंटर और जगदलपुर के नारी निकेतन में रह चुकी है। मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण वह वहां से कई बार भाग चुकी थी। घटना के बाद जब उसे सखी सेंटर में रखा गया तो उसने वहां से भी भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई। (Gang Rape in Balod)

पीड़िता बयान देने की स्थिति में नहीं  

मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण पीड़िता पूरी घटना स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है। हालांकि उसके बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को संदेह है कि उसके साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया हो सकता है। इसी एंगल से जांच करते हुए बालोद पुलिस और साइबर सेल शहर के अलग-अलग जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मोबाइल लोकेशन डंप डेटा का विश्लेषण कर घटना के समय इलाके में मौजूद संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच के दौरान मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा: SP

बालोद के पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। वहीं इस घटना ने जिले में महिलाओं की सुरक्षा और मानसिक रूप से असहाय लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Gang Rape in Balod)

Back to top button
error: Content is protected !!