तरबूज लोड पिकअप में छिपा था नशे का जखीरा, पुलिस ने 1 करोड़ 12 लाख का गांजा किया जब्त

Ganja Smuggling in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इस बीच महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने 225 किलो गांजा के साथ 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है, जिसमें पिकअप, कार और मोबाइल भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक एएसआई लक्ष्मण साहू अपनी टीम के साथ मुरमुरी गांव में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक पिकअप में गांजा लाया जा रहा है, जिसकी पायलटिंग एक कार से की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- डीजल पर एक्साइज ड्यूटी खत्म, पेट्रोल ₹10 सस्ता- CM साय ने किया स्वागत
सूचना मिलते ही पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर रेहटीखोल गांव के पास घेराबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप और कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप में तरबूज के नीचे छिपाकर रखी गई 9 बोरियां मिली, जिनमें कुल 213 पैकेट गांजा भरा हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सूरज गुप्ता, योगेश कुशवाहा, हरिबाबू वर्मा और रामबाबू वर्मा के रूप में हुई है। इनमें 2 आरोपी मध्यप्रदेश और 4 उत्तरप्रदेश के निवासी हैं। सभी की उम्र 23 से 48 साल के बीच है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट ले जाया जा रहा था। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)
बेमेतरा में भी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 225 किलो गांजा, 5 लाख का पिकअप, 7 लाख का कार और 6 मोबाइल जब्त किए हैं। इधर, बेमेतरा जिले में भी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। DIG रामकृष्ण साहू के निर्देशन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी पवन कुमार पाठक को पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 952 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 33 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी अपने घर में गांजा छिपाकर बेचने की तैयारी कर रहा था। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दो तस्कर गिरफ्तार
वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने भी गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी प्रमोद यादव को 24 मार्च को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से ओडिशा से गांजा लेकर सरिया की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने थाना के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी में 8 किलो 170 ग्राम गांजा और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त गांजे की कीमत करीब 80 हजार आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर का हसन मोहम्मद और जांजगीर-चांपा का अलीम खान शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में पुलिस की ओर से लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि राज्य में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। महासमुंद की बड़ी कार्रवाई के साथ ही बेमेतरा और सारंगढ़ की कार्रवाई ने यह संकेत दिया है कि पुलिस अब छोटे से लेकर बड़े नेटवर्क तक पर नजर रखे हुए हैं।



