Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों पर प्रहार, जशपुर में 2.40 करोड़ के गांजे के साथ दो गिरफ्तार, सारंगढ़ में एडवोकेट हाईकोर्ट लिखी कार से गांजा जब्त

Ganja Smuggling in Chhattisgarh: जशपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया है, जिसे मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने प्रयागराज के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल टाटा आईसर मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी।

यह भी पढ़ें:- नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ राज्यपाल डेका ने की पदयात्रा

चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर जशपुर की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने वाहनों की जांच तेज कर दी। इसी दौरान UP-71-T-6592 नंबर का टाटा आईसर मिनी ट्रक बैरियर पर पहुंचा। वाहन में दो लोग सवार थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने ट्रक को रोककर दोनों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मोहम्मद वसीम (28) और मोहम्मद आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज जिले के मुंडेरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि ट्रक में मिर्ची की बोरियां हैं, जिन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की बारीकी से तलाशी ली गई। ऊपर की तरफ मिर्ची की बोरियां रखी थी। इन्हें हटाने पर नीचे टेप से लिपटे पैकेट मिले। तलाशी के दौरान 14 बोरियों में 440 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 440.63 किलो निकला।

गांजे के दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के बोध क्षेत्र से प्रयागराज ले जाई जा रही थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और प्रयागराज में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस सप्लाई और रिसीविंग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। जशपुर पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलो गांजा जब्त किया जा चुका है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपए बताई गई है। इन मामलों में 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

एक दिन पहले भी पकड़ा गया था गांजा

पुलिस का कहना है कि जिले में दूसरे राज्यों से आने वाले संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इससे एक दिन पहले यानी 1 अक्टूबर को सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। सूरजपुर में ट्रक पलटने के बाद 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपए बताई गई। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दो अलग-अलग मामलों में 103.11 किलो गांजा जब्त किया गया। जिले के भटगांव में ‘एडवोकेट हाईकोर्ट’ लिखी कार से 63.350 किलो गांजा बरामद हुआ, जबकि बेलादुला में आयशर वाहन में रखी लोहे की अलमारी से 39.76 किलो गांजा मिला। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं 2 अक्टूबर को रायगढ़ पुलिस ने NDPS मामलों में जब्त 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपए के गांजा और नशीली दवाइयों का नष्टीकरण किया।

कुल 16 मामलों में जब्त 415.991 किलो गांजा और 637 प्रतिबंधित सिरप, टैबलेट समेत कैप्सूल को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। गांजे के साथ जब्त तीन गांजा पौधों को भी भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया, जबकि प्रतिबंधित सिरप, टैबलेट और कैप्सूल को कुचलकर गड्ढे में दबाया गया। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि तस्कर अलग-अलग तरीकों से नशे की खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई में जहां बड़ी मात्रा में गांजा और वाहन जब्त हो रहे हैं, वहीं अब जांच का फोकस इन खेपों के पीछे काम कर रहे सप्लायर, डिलीवरी लेने वालों और पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचने पर है। सवाल यही है कि कार्रवाई की ये कड़ी तस्करी के पूरे नेटवर्क तक कब पहुंचेगी और नशे के इस कारोबार पर पूरी तरह लगाम कब लगेगी। (Ganja Smuggling in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!