Google Analytics —— Meta Pixel

दिवाली की रात उजड़ गया परिवार, नदी में समाई कार; पत्रकार समेत 4 की मौत

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है।

दिवाली मनाने घर लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतल साहू अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाने रायपुर से अपने गांव पसौद लौट रहे थे। देर रात जब उनकी कार राजिम के टीला एनीकट के पास पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे नदी में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चारों लोगों की जान चली गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही चंपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पत्रकार थे शीतल साहू, परिवार में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वाले शीतल साहू पत्रकार थे। दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। दीपावली के त्योहार पर घर लौट रहे परिवार के साथ हुई इस अनहोनी ने पूरे पसौद गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। सुबह हादसे की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

एनीकट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद टीला एनीकट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, देर रात अंधेरे में कार अनियंत्रित होकर नदी में गिरी। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में छूटा और दुर्घटना की असली वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दीपावली की खुशियों के बीच एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गरियाबंद और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।

Back to top button
error: Content is protected !!