Google Analytics —— Meta Pixel

इंस्टाग्राम पर दोस्ती का खौफनाक अंजाम, शादी से इनकार पर युवती का अपहरण

Girl Kidnapped in Ambikapur: अंबिकापुर शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में 15 जनवरी की रात दुकान से लौट रही एक युवती का कार सवार चार युवकों ने सरेराह अपहरण कर लिया। युवती को घर के पास सुनसान रास्ते में जबरन कार में बैठाकर आरोपी फरार हो गए। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में युवती को सकुशल बरामद कर लिया।

यह भी पढ़ें:- कोरबा के कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा, हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से मजदूर की मौत, दो गंभीर

जानकारी के मुताबिक कोरिया जिले की रहने वाली युवती अंबिकापुर के तुर्रापानी क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर गांधीनगर स्थित एक फर्नीचर शोरूम में काम करती है। 15 जनवरी की रात शोरूम बंद होने के बाद वह पैदल घर लौट रही थी। घर पहुंचने से पहले जब वह सुनसान रास्ते पर पहुंची, तभी पीछे से आई एक कार में सवार युवकों ने रास्ता रोक लिया। कार से उतरे एक युवक ने युवती को जबरन खींचकर वाहन में बैठा लिया और सभी आरोपी तेज रफ्तार में फरार हो गए। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर घटना की सूचना दी। (Girl Kidnapped in Ambikapur)

कुछ लोगों ने कार का पीछा करने का भी प्रयास किया, लेकिन आरोपी सरगंवा-सकालो रोड की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी आउटर मार्गों और सीमावर्ती जिलों में नाकेबंदी कराई गई। गांधीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी युवती को जबरन कार में बैठाते हुए दिखाई दिए। साइबर सेल की मदद से युवती के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि आरोपी मनेंद्रगढ़ की ओर जा रहे हैं। तत्काल मनेंद्रगढ़ पुलिस को अलर्ट किया गया।

शादी से इनकार बना अपहरण की वजह

नेशनल हाईवे पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोक लिया। कार में मौजूद युवती पुलिस को देखकर रोने लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पीछा कर रही गांधीनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद सभी आरोपियों और युवती को अंबिकापुर लाया गया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रामप्रसाद तंवर (32 साल) मध्यप्रदेश के राजगढ़ का रहने वाला है, जिसका युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय हुआ था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया। बाद में युवती को जानकारी मिली कि रामप्रसाद पहले से शादीशुदा है, जिस पर उसने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने मुख्य आरोपी रामप्रसाद तंवर के साथ लालचंद्र (26), कमलेश तंवर (19) और भंवरलाल (22) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त कार और चार फोन जब्त किए गए हैं। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। (Girl Kidnapped in Ambikapur)

Back to top button
error: Content is protected !!