कोरबा के कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा, हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से मजदूर की मौत, दो गंभीर

Accident in Kusmunda Mine: कोरबा जिले के SECL कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल, ठेका कंपनी नीलकंठ के वर्कशॉप में हाइड्रोलिक सिलेंडर फटने से 23 साल के मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम कुसमुंडा खदान के भीतर हाइड्रोलिक मशीन की मरम्मत का काम चल रहा था। नीलकंठ कंपनी के वर्कशॉप में 6 मजदूर हाइड्रोलिक मशीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान हाइड्रोलिक सिलेंडर को फिट करते समय अचानक ज्यादा प्रेशर बन गया और सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।
यह भी पढ़ें:- जांजगीर में फिल्मी अंदाज में 20 लाख की लूट, सुपरवाइजर को मैनपाट की खाई में फेंका, मौत को चकमा देकर बचा पीड़ित
धमाका इतना तेज था कि पास खड़े मजदूर उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर का संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। उनके साथ काम कर रहे दो अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल संजय कुमार को तत्काल कंपनी के कैंपर वाहन से एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायलों को भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक संजय कुमार चार बहनों में इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। (Accident in Kusmunda Mine)

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना की पूरी कहानी
घटनास्थल पर मौजूद मजदूर राम कियास ने बताया कि हादसे के वक्त देवेंद्र कुमार, संजय कुमार, राम कियास, बाबूलाल, अर्जुन और लोकनाथ मशीन पर काम कर रहे थे। सिलेंडर लगाने के दौरान अचानक हाइड्रोलिक प्रेशर बढ़ गया और सिलेंडर फट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि कुसमुंडा खदान में नीलकंठ कंपनी के वर्कशॉप में ड्रिल मशीन की मरम्मत के दौरान यह दुर्घटना हुई है। मामले में एक मजदूर की मौत हुई है और जांच की जा रही है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
हादसे के बाद परिजनों और साथी मजदूरों ने नीलकंठ कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि खदान में सुरक्षा उपकरण और तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिसके चलते ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। (Accident in Kusmunda Mine)
कुसमुंडा खदान क्षेत्र में ही दूसरा हादसा
इसी बीच शुक्रवार तड़के सुबह कुसमुंडा खदान क्षेत्र में एक और दुर्घटना सामने आई। खदान के 14 नंबर कांटा के पास कोयला परिवहन में लगे दो ट्रेलर वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया, जिसे कटर की मदद से केबिन काटकर और टोइंग वैन से खींचकर बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में दोनों ट्रेलर वाहनों में सवार कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। (Accident in Kusmunda Mine)



