Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया में आरक्षक की 17 साल की बेटी ने की आत्महत्या, IC मार्ट प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप, परिजनों ने घेरा थाना

Girl Suicide in Koriya: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में पुलिस विभाग में पदस्थ आरक्षक की 17 साल की बेटी पूजा सिंह ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि सुपर मार्केट के संचालक ने चोरी का आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, मारपीट की, स्कूटी जब्त की और पैसे की मांग की, जिससे छात्रा तनाव में आ गई और उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस परिवार, स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है, जिन्होंने सिटी कोतवाली का घेराव किया, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विरोध के बाद पुलिस ने IC मार्ट संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुकान को सील कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:- डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर; 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी लगेगी

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक बैकुंठपुर पुलिस लाइन में रहने वाले आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की बेटी पूजा सिंह आत्मानंद स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। 7 जुलाई को वह अपनी छोटी बहन के साथ संजय चौक स्थित IC मार्ट में कॉस्मेटिक सामान खरीदने गई थी। परिजनों के मुताबिक दुकान संचालक ने दोनों बहनों पर लगभग 1500 रुपए के कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया, जबकि उनका कहना है कि दोनों बहनें सामान लेकर दुकान से बाहर भी नहीं निकली थी। आरोप है कि दुकान संचालक ने छात्रा से एक कागज पर यह लिखवाया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान से चोरी की है और दोनों से हस्ताक्षर भी कराए। इसके बाद उनकी स्कूटी रोक ली गई।

50 हजार रुपए की मांग का आरोप

परिजनों का आरोप है कि स्कूटी छोड़ने के एवज में पहले 5 हजार रुपए मांगे गए। बाद में छात्रा ने परिचित एएसआई को घटना की जानकारी दी। एएसआई जब दुकान पहुंचे तो 20 हजार रुपए की मांग की गई। अगले दिन छात्रा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा खुद दुकान पहुंचे। उनका आरोप है कि इस दौरान संचालक ने स्कूटी वापस करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की। उनके पास 20 हजार रुपए थे, लेकिन इसके बावजूद स्कूटी वापस नहीं की गई। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद छात्रा बेहद तनाव में थी। उसने घर में एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था- मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना। मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है। इसी दिन दोपहर छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जबरदस्ती ये लेटर लिखवाने का आरोप

मां की हालत बिगड़ी, ICU में भर्ती

घटना के बाद छात्रा की मां की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बार-बार बेहोश होने के कारण आईसीयू में रखा गया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग पर अड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो, गिरफ्तारी की जाए और दुकान दोबारा न खुलने दी जाए। प्रदर्शन के बाद महिलाएं IC मार्ट के सामने पहुंची और नेशनल हाईवे-343 पर धरने पर बैठ गईं। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

विधायक भैयालाल राजवाड़े पहुंचे, कार्रवाई का भरोसा

बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े भी सिटी कोतवाली पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और छात्रा को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने IC मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से साइबर विशेषज्ञों की टीम भी बैकुंठपुर पहुंची और दुकान के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की। सिटी कोतवाली पुलिस ने मार्ट संचालक दीपक बैद, विनोद बैद और जगत बैद के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है।

नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज 

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि परिजनों के विरोध के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। आरोपी पक्ष की तलाश जारी है। वहीं पूरे मामले ने बैकुंठपुर समेत पूरे कोरिया जिले में लोगों के बीच आक्रोश और संवेदना का माहौल पैदा कर दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!