5 साल के अफेयर का खूनी अंत, शादी से मना करने पर शादीशुदा प्रेमिका की पत्थर से कुचलाकर हत्या

Girlfriend Murder in Balod: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का दबाव और शक के चलते एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले जंगल में शराब पी, फिर महिला का गला दबाकर बेहोश किया, करीब 50 मीटर तक घसीटा और आखिर में पत्थर से सिर कुचलकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को पत्थरों से ढककर आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें:- आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में भारत का ऐतिहासिक कदम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
पुलिस के मुताबिक मृतिका का नाम कमला राजपूत (35) है, जो पाररास गांव की रहने वाली थी। वहीं हत्या का आरोपी नेमीचंद साहू (29) है, जो तरौद गांव का रहने वाला है। दोनों के बीच पिछले 5 साल से प्रेम संबंध था। आरोपी को शक था कि कमला किसी और से बातचीत करती है। इसी शक और शादी से इनकार के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा 24 जनवरी को हुआ, जब दोपहर करीब 12 बजे कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए। वहां से तेज बदबू आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तुरंत डौंडीलोहारा पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची तो जंगल में एक महिला की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। शव की कलाई पर ‘KL’ लिखा टैटू बना हुआ था। इसी टैटू के आधार पर आसपास के इलाकों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटाई गई। कुछ ही समय बाद मृतिका के भाई ने टैटू देखकर शव की पहचान कमला राजपूत के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद एसपी योगेश पटेल ने पहचान कन्फर्म होते ही जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने कॉल डिटेल, लोकेशन हिस्ट्री, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। (Girlfriend Murder in Balod)
पूछताछ में टूटा आरोपी, जुर्म कबूला
जांच के दौरान शक की सुई नेमीचंद साहू पर जाकर टिक गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था और कमला से शादी करना चाहता था। शक के चलते उसने हत्या कर दी। SP योगेश पटेल ने 26 जनवरी को पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कमला राजपूत की शादी करीब 10 साल पहले दुर्ग में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद वह अपने मायके पाररास लौट आई थी। तब से वह वहीं रहकर मजदूरी कर रही थी।
घुमाने के बहाने जंगल ले गया, फिर की हत्या
इसी दौरान उसकी पहचान नेमीचंद साहू से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए, जो पिछले 5 साल से चल रहे थे। 16 जनवरी को नेमीचंद अपनी बाइक से कमला को घुमाने के बहाने डौंडीलोहारा क्षेत्र में गुरामी डैम के पास जंगल ले गया। वहां आरोपी ने शराब पी। नशे की हालत में उसने कमला से फोन पर बात करने वाले लोगों को लेकर सवाल किए और फिर उससे उसी दिन शादी करने का दबाव बनाया। कमला ने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात पर गुस्से में आकर आरोपी ने पहले उसका गला दबाकर बेहोश किया, फिर उसे करीब 50 मीटर तक घसीटा और पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। (Girlfriend Murder in Balod)
सबूत मिटाने की भी कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को आसपास पड़े पत्थरों से ढक दिया और मौके से फरार हो गया। वह कमला का मोबाइल लेकर घर गया और सो गया। 17 जनवरी को पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने कमला का मोबाइल पाररास इलाके में ऑन किया, ताकि लोकेशन वहीं दिखे। बाद में वह मजदूरी करने दुर्ग चला गया और वहां मोबाइल को तोड़कर फेंक दिया। हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच के आगे उसकी एक भी चाल काम नहीं आई। पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नेमीचंद साहू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




