Google Analytics —— Meta Pixel

प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: बॉयफ्रेंड ने कांच के ग्लास से गर्लफ्रेंड को मारा, फिर गले लगाकर रोया, इलाज के दौरान युवती की मौत

Girlfriend Murder in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित बार में बॉयफ्रेंड ने अपनी ही गर्लफ्रेंड पर कांच के ग्लास से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वेदिका सागर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बॉयफ्रेंड टी. सुनील राव उर्फ शीनू को गिरफ्तार कर लिया है। युवती की मौत के बाद अब आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ी जाएगी। पुलिस के मुताबिक घटना 21 दिसंबर 2025 की है। मृतिका रायपुर के गीता नगर इलाके की रहने वाली थी, जिसका आरोपी के साथ प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते-जुलते रहते थे।

यह भी पढ़ें:-  सीमा पर ड्रोन मूवमेंट, आतंकी लॉन्चपैड पर सेना की कड़ी नजर, आर्मी चीफ ने कहा- हर दुस्साहस का मिलेगा करारा जवाब 

पुलिस ने बताया कि युवती अपने बॉयफ्रेंड टी. सुनील राव उर्फ शीनू (28 साल) के साथ 21 दिसंबर को बार गई थी। वेदिका और शीनू दोपहर करीब 3 बजे बार पहुंचे। उन्होंने टेबल पर नॉनवेज खाना और शराब ऑर्डर किया। कुछ समय तक दोनों सामान्य बातचीत करते रहे, लेकिन अचानक किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी शीनू अचानक भड़क उठा। गुस्से में उसने टेबल पर रखा कांच का ग्लास उठाया और वेदिका के सिर पर लगातार वार कर दिए। कांच के ग्लास के वार से युवती का सिर बुरी तरह फट गया और चेहरे-आंख के पास गंभीर चोटें आईं। (Girlfriend Murder in Raipur)

देखें CCTV फुटेज 

इतना ही नहीं आरोपी ने घायल वेदिका के बाल खींचकर उसे जमीन पर पटक दिया और बेरहमी से मारपीट की। युवती दर्द से चीखती रही, लेकिन आरोपी नहीं रुका। पूरी घटना बार में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। CCTV फुटेज में यह भी साफ दिखाई देता है कि हमला करने के बाद आरोपी कुछ देर तक मौके पर ही रुका। खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल वेदिका को उसने जाते-जाते गले लगाया और रोता हुआ नजर आया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

घटना के समय बार में युवक-युवती के अलावा एक अन्य युवक भी मौजूद था, जो CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है। बार संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में वेदिका का लंबे समय तक इलाज चलता रहा, लेकिन गंभीर चोटों के चलते 12 जनवरी को उसकी मौत हो गई। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग आजाद चौक थाना पहुंचे और थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। (Girlfriend Murder in Raipur)

आरोपी गिरफ्तार, अब हत्या की धारा में केस

परिजनों का कहना है कि यह सीधा हत्या का मामला है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी टी. सुनील राव उर्फ शीनू को गिरफ्तार कर लिया था और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। युवती की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रायपुर एएसपी डी. आर. पोर्ते ने बताया कि युवती पर कांच के ग्लास से हमला किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। आरोपी पहले से गिरफ्तार है। अब प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ी जा रही हैं। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। 

CCTV फुटेज बना अहम सबूत

इस पूरे मामले में सामने आया CCTV फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत है। फुटेज में विवाद, कांच के ग्लास से हमला, मारपीट और आरोपी का फरार होना साफ तौर पर देखा जा सकता है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर गवाहों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद राजधानी में महिला सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्यार का ये खूनी अंत अब राजधानी की यादों में एक दर्दनाक छाप छोड़ गया है। ये दर्दनाक प्रेम कहानी अब सिर्फ सवाल और आंसू छोड़ गई है। (Girlfriend Murder in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!