कोंडागांव के एकलव्य आवासीय स्कूल में छात्राएं असुरक्षित ?, बच्चों के गायब होने और बैड टच के आरोपों से मचा हड़कंप

Golavand Eklavya School: कोंडागांव जिले के गोलावंड गांव स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल एक बार फिर चर्चा में है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निरीक्षण में स्कूल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आई हैं। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, छात्रावास की व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रयोगशाला सुविधाओं और शासकीय राशि के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने प्राचार्य को नोटिस जारी करने और पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- राजधानी क्षेत्र के योजनाबद्ध विकास से छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया ग्रोथ इंजन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
जानकारी के मुताबिक स्कूल को लेकर मिली शिकायतों के आधार पर कलेक्टर ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं से बातचीत की गई, जिसमें कई गंभीर बातें सामने आई हैं। छात्र-छात्राओं ने बताया कि परिसर के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि कई बार छात्र-छात्राएं कुछ घंटों के लिए स्कूल से गायब हो जाते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। निरीक्षण और शिकायतों के दौरान सबसे गंभीर आरोप छात्राओं के साथ बैड टच जैसी घटनाओं को लेकर सामने आए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद पूरे स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

सरपंच को भी नहीं मिलती थी प्रवेश की अनुमति
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि स्कूल परिसर में स्थानीय पंचायत के सरपंच तक को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाती थी। इससे संस्था के संचालन में पारदर्शिता की कमी की बात सामने आई है और स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी देखने को मिल रही है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल परिसर, कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और प्रयोगशाला का भी जायजा लिया। इस दौरान स्कूल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। प्रयोगशाला में आवश्यक उपकरण और फर्नीचर की कमी भी सामने आई। वहीं बालिका शौचालय पूरी तरह से फंक्शनल नहीं मिला, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। (Golavand Eklavya School)

छात्रावास में पेयजल और भोजन व्यवस्था पर भी सवाल
कलेक्टर ने छात्रावास का भी निरीक्षण किया, जहां पेयजल और भोजन व्यवस्था में कई कमियां सामने आई। छात्राओं से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी समस्याएं भी साझा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं को सभी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और छात्रावास की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि बालिका आश्रम में अब तक स्थायी बालिका अधीक्षिका की नियुक्ति नहीं हुई है। वर्तमान में आश्रम की व्यवस्था प्रभारी प्राचार्य के भरोसे संचालित हो रही है। इस पर पालकों ने चिंता जताते हुए मांग की कि छात्राओं की सुरक्षा और देखरेख को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नियमित अधीक्षिका की नियुक्ति की जाए।
शासकीय राशि के उपयोग में गड़बड़ी की आशंका
स्कूल के प्राचार्य ओम नारायण पर शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितता की आशंका को लेकर भी चर्चा सामने आई है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने स्कूल के वित्तीय रिकॉर्ड और खर्चों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद मीडिया की टीम भी स्कूल पहुंची और प्राचार्य से बात करने की कोशिश की। हालांकि प्राचार्य कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। ऑफ कैमरा बातचीत में कई ऐसी बातें सामने आईं, जिससे यह संकेत मिलता है कि संस्था के भीतर व्यवस्थाएं पूरी तरह ठीक नहीं हैं। (Golavand Eklavya School)
जांच के बाद सख्त कार्रवाई के संकेत
आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस आवासीय स्कूल में आदिवासी बच्चों के सुरक्षित भविष्य और शिक्षा की जिम्मेदारी है, वहां इस तरह की अनियमितताएं कैसे हो रही हैं। प्रशासन ने कहा है कि दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन क्या सच में जांच के बाद जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। अब यह देखना बाकी है।



