Gold Price : करवाचौथ से पहले सोने ने रचा इतिहास, 10 ग्राम गोल्ड 1.26 लाख के पार
अमेरिका में आर्थिक संकट और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव से बढ़ी निवेशकों की गोल्ड डिमांड, चांदी भी 1.57 लाख के करीब पहुंची
Gold Price : करवाचौथ से पहले सोने की कीमतों (Gold Price) ने इतिहास रच दिया है। देश की राजधानी दिल्ली में आज बुधवार को गोल्ड का भाव (Gold Price)1,26,600 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया — जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। मंगलवार को यह 1,24,000 रुपये था, यानी एक दिन में ही सोने की कीमतों में 2,600 रुपये की भारी छलांग लगी।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : इस बार एक दिन देरी से शुरू होगी धान खरीदी, मुख्यमंत्री साय ने की तारीख की घोषणा
विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिका में सरकारी शटडाउन, वैश्विक भू-राजनीतिक संकट और केंद्रीय बैंकों की गोल्ड खरीदारी में बढ़ोतरी के चलते निवेशकों का झुकाव सोने की ओर बढ़ा है। इसी वजह से पिछले तीन दिनों में सोना 6,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया है।
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन तेजी
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना सोमवार को 2,700 रुपये चढ़ा था, जबकि मंगलवार को 700 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार को 99.5% प्योरिटी वाला गोल्ड 2,600 रुपये बढ़कर 1,26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गया।
पिछले सत्र में यह 1,23,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी फाइनेंस संकट और भू-राजनीतिक तनावों के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सोने की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल देखा जा रहा है।
चांदी में भी जबरदस्त तेजी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी उछाल जारी है। बुधवार को चांदी 3,000 रुपये बढ़कर 1,57,000 रुपये प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गई। मंगलवार को यह 1,54,000 रुपये पर बंद हुई थी। सोमवार को यह 1,57,400 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर को छू चुकी थी।
विदेशी बाजारों में भी सोना लगभग दो प्रतिशत बढ़कर 4,049.59 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी 48.99 डॉलर प्रति औंस के उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रही है।
वायदा बाजार में भी रिकॉर्ड तेजी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में बुधवार शाम 5:55 बजे सोने के भाव में 1,800 रुपये की तेजी दर्ज की गई और यह 1,22,912 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबारी सत्र में यह 1,969 रुपये चढ़कर 1,23,080 रुपये के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया।
चांदी की कीमतें भी 3,346 रुपये बढ़कर 1,49,138 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं।
जानकारों की राय
कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी (कमोडिटी रिसर्च) कायनात चैनवाला ने कहा, “अमेरिकी इकोनॉमी की कमजोरी और सरकारी बंद की चिंताओं ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश यानी गोल्ड की ओर आकर्षित किया है। सोने ने पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार किया है।”
उन्होंने आगे कहा कि यूक्रेन में तनाव, फ्रांस और जापान में राजनीतिक अस्थिरता, और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों ने भी सोने की तेजी को और बल दिया है।