Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgrah News: बिलासपुर में फिर बेपटरी हुई मालगाड़ी, स्टेशन के पास वैगन उतरा; बड़ा हादसा टला

Goods Train Derailed : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।  बिलासपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक शंकर नगर आरओबी (Overbridge) के नीचे एक मालगाड़ी का वैगन डाउन लाइन पर पटरी से उतर गया। राहत की बात यह रही कि मालगाड़ी की गति काफी धीमी थी, जिसके चलते एक बड़ा और गंभीर हादसा होने से टल गया।

इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग के आला अधिकारी और कर्मचारी फौरन मौके पर पहुंचे। टीम ने युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर वैगन को दोबारा पटरी पर लाने और बाधित ट्रैक को बहाल करने का काम शुरू किया। रेलवे अधिकारियों ने घटना स्थल का मुआयना कर तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं। (Goods Train Derailed)

ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस दुर्घटना का असर यात्री ट्रेनों के संचालन पर बहुत सीमित रहा। डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का आवागमन बाधित जरूर हुआ, लेकिन ट्रैफिक बहाली का काम तेजी से किए जाने के कारण जल्द ही परिचालन को सामान्य कर लिया गया।

बार-बार हो रहे हादसों से उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि बिलासपुर रेल मंडल में पिछले कुछ समय के भीतर मालगाड़ियों के बेपटरी (Derailment) होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बार-बार हो रहे इन हादसों ने रेलवे ट्रैक के रखरखाव और परिचालन सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, रेलवे की तकनीकी टीम दुर्घटना के वास्तविक और सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है। (Goods Train Derailed)

यह भी पढ़े :- शहादत की 17वीं बरसी: जब मदनवाड़ा में नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए थे SP चौबे समेत 29 जवान

Back to top button
error: Content is protected !!