Google Analytics —— Meta Pixel

आज देशभर में सरकारी बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, आम लोगों को हो सकती है भारी परेशानी

Government Bank Strike: देशभर में आज यानी 27 जनवरी को सभी सरकारी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने हड़ताल का ऐलान किया है, जिससे सरकारी बैंकों में कैश ट्रांजैक्शन, चेक क्लियरेंस और अन्य ब्रांच से जुड़े कामकाज प्रभावित रहेंगे। हड़ताल ऐसे समय पर हो रही है, जब पहले ही बैंकिंग सेवाएं छुट्टियों के कारण बाधित रही। महीने के चौथे शनिवार (23 जनवरी), रविवार (25 जनवरी) और गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की छुट्टी के बाद यह लगातार चौथा दिन होगा, जब सरकारी बैंकों का सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा। हालांकि बैंकों की ओर से अभी तक ब्रांच बंद रखने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें:- तेलंगाना में चुनावी वादा निभाने के नाम पर क्रूरता, एक महीने में 1100 आवारा कुत्तों की हत्या

हड़ताल का प्रभाव देश के लगभग सभी प्रमुख सरकारी बैंकों पर देखने को मिल सकता है, जिनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन ओवरसीज बैंक, केनरा बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक शामिल हैं। इन बैंकों की शाखाओं में कैश जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, केवाईसी अपडेट, लोन से जुड़े काम और अन्य ऑफलाइन सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। (Government Bank Strike)

क्यों हड़ताल पर हैं बैंक कर्मचारी ?

बैंक कर्मचारियों और सरकार के बीच विवाद की मुख्य वजह 5-डे वर्क वीक को लेकर है। बैंक यूनियनें लंबे समय से मांग कर रही हैं कि हफ्ते में सिर्फ 5 दिन ही बैंक खोले जाएं। यानी सभी शनिवारों को छुट्टी दी जाए। मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में इस बात पर सहमति बनी थी कि सभी शनिवारों को बैंक बंद रहेंगे, लेकिन अब तक इस फैसले को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। यूनियनों का कहना है कि वे 5-डे वर्किंग के बदले हर कार्य दिवस में 40 मिनट अतिरिक्त काम करने को तैयार हैं।

इन बैंकों पर हड़ताल का असर नहीं

उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंकों में सिर्फ महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को ही अवकाश रहता है, जिसे बदलकर पूरी तरह 5-डे सिस्टम लागू करने की मांग की जा रही है। हड़ताल का असर सिर्फ सरकारी बैंकों तक सीमित रहेगा। प्राइवेट बैंक UFBU का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए इनमें कामकाज सामान्य रूप से चलता रहेगा। इनमें HDFC बैंक, ICICI बैंक, Axis बैंक, इंडसइंड बैंक, यस बैंक,IDFC फर्स्ट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और बंधन बैंक शामिल हैं। (Government Bank Strike)

हड़ताल का लोगों पर क्या पड़ेगा असर ?

  • ब्रांच से जुड़े काम ठप- कैश जमा करना, चेकबुक लेना, केवाईसी अपडेट या अन्य ब्रांच आधारित कामों में दिक्कत आ सकती है।
  • चेक क्लियरेंस में देरी- सरकारी बैंकों के माध्यम से चेक क्लियरेंस की प्रक्रिया होने के कारण भुगतान 2-3 दिन तक अटक सकता है।
  • ATM में कैश की कमी- लगातार छुट्टियों और हड़ताल के चलते कई एटीएम में कैश खत्म होने की आशंका है, खासकर छोटे शहरों और रिहायशी इलाकों में।
  • लोन और सरकारी प्रक्रियाएं प्रभावित- लोन अप्रूवल, एनओसी और अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए अब लोगों को अगले कार्य दिवस तक इंतजार करना पड़ सकता है।

कौन-कौन सी बैंकिंग सेवाएं चालू ?

  • Google Pay, PhonePe, Paytm और BHIM UPI जैसी सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। इससे आप दुकानों पर पेमेंट और ऑनलाइन शॉपिंग कर सकेंगे।
  • IMPS, NEFT, RTGS के जरिए ऑनलाइन फंड ट्रांसफर, बैलेंस चेक और बिल पेमेंट किए जा सकेंगे।
  • प्राइवेट बैंकों की शाखाएं खुली रहेंगी और उनके ग्राहकों को कोई परेशानी नहीं होगी।
  • अगर एटीएम में कैश उपलब्ध है तो डेबिट कार्ड से पैसे निकाले जा सकेंगे।
Back to top button
error: Content is protected !!