Governor Deka on Divyang: राज्यपाल रमेन डेका राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरव पथ में अभिलाषा के वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय विशेष रूप से उपस्थित थे। राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगों में मौजूद क्षमता को बढ़ाने उन्हें शिक्षित-प्रशिक्षित करने में समाज का विशेष योगदान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों में सिक्स सेंस ज्यादा काम करता है और इसे और सक्रिय कर उनमें विद्यमान कार्य क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। यह कार्य सिर्फ सरकार द्वारा पूरा करना संभव नहीं होता, इसके लिए समाज की भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- दूसरे प्रदेश के लोग भी ओपन हार्ट सर्जरी के लिए करने लगे मेकाहारा अस्पताल का रूख, डॉ. कृष्णकांत साहू ने की सफल सर्जरी
राज्यपाल ने कहा कि जिन दिव्यांगजनों को प्रशिक्षण के बाद विभिन्न संस्थाओं में नौकरी मिल गई है, वे इसे अपनी संपूर्ण मंजिल न समझें, बल्कि आगे बढ़ने के लिए प्रयास करते रहें। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों के लिए समर्पित संस्था अभिलाषा को 2 लाख 50 हजार रुपए राजभवन से प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की ओर से समाज कल्याण के लिए जितनी योजनाएं है, उनका लाभ इन दिव्यांगों को मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। राज्यपाल डेका ने राजनांदगांव में दिव्यांगजनों के लिए संचालित संस्था अभिलाषा के कार्यों की सराहना की और कहा कि किसी संस्था के तीस साल सेवा भाव से व्यतीत होना किसी चुनौती से कम नहीं होता। इस संस्था से अपनी शिक्षा पूर्ण कर चुके कई दिव्यांगजन अपने पैरों पर खड़े हो कर समाज में सम्मानजनक जीवनयापन कर रहे हैं। (Governor Deka on Divyang)
उन्होंने कहा कि समाज के दिव्यांगजन ने शारीरिक या मानसिक रूप से या किसी तरह से अक्षम हो जाते हैं, तब उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करना सबकी जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने कहा कि अभिलाषा संस्था में लाभान्वित हो रहे 30 से भी ज्यादा दिव्यांगजन शासकीय सेवा के साथ-साथ स्वरोजगार से जुड़कर अपना जीवन यापन सम्मानजनक रूप से कर पा रहे हैं। राज्यपाल ने दिव्यांग साथियों, सेवाभावी पदाधिकारियों, दानदाताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा पथ पर पूर्ण उत्साह और ऊर्जा के साथ कार्य करते रहें। उन्होंने वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बधाई देते हुए उनकी सफलता की कामना की। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को प्रोत्साहित करते रहें और उनकी हरसंभव सहायता करें। उनके इस समर्थन और प्रेरणा से ही ये बच्चे जीवन में नए ऊंचाईयां हासिल कर सकते हैं। (Governor Deka on Divyang)
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन में शामिल होने के लिए चयनित राजनांदगांव विकासखंड के कुसमी की लखपति दीदी दिव्या निषाद के जीवन वृत्तांत को दिव्यांगजनों और अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्पद बताया। सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि इस संस्था द्वारा दिव्यांगों के सर्वागीण विकास के लिए सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव ऐसा जिला है, जहां सीआरसी (दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास और सशक्तिकरण समेकित क्षेत्रीय केंद्र) की स्थापना की गई है और यहां दिव्यांगों को विशेष रूप से शिक्षित-प्रशिक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा दिव्यांगजनों को अपने पैरों पर खड़े होने के लिए रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है। नि:स्वार्थ भाव से दिव्यांगों के लिए कार्य करने वाली संस्था की उन्होंने सराहना की। (Governor Deka on Divyang)
इससे पहले राज्यपाल रमेन डेका ने संस्था द्वारा आयोजित दिव्यांग सम्मान समारोह में दिव्यांगजनों को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया, वहीं प्रशिक्षण बाद स्वरोजगार और विभिन्न संस्थाओं में कार्यरत दिव्यांगों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया। बता दें कि अभिलाषा संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के शिक्षण-प्रशिक्षण, रोजगार, खेलकूद समेत अन्य कार्यों से जोड़ने के लिए विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। संस्था द्वारा पांच दृष्टिबाधितों का ऑपरेशन किया गया है, जो अब इस दुनिया को अपनी आंखों से देखने लगे हैं, वहीं 65 पोलियोग्रस्त को प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा 28 दिव्यांगजनों को सिलाई प्रशिक्षण, 9 दिव्यांगजनों बच्चों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण, 7 बच्चों को ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जो इंदौर शहर में ब्यूटी पार्लर की स्थापना कर संचालन कर रही है और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है। साथ ही 32 दिव्यांगजन शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम समेत अन्य शासकीय विभागों में अपनी सेवा दे रहे हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अभिलाषा संस्था के पदाधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी समेत नागरिक उपस्थित थे। (Governor Deka on Divyang)