मानसून में भी उबलेगा आधा भारत, गर्मी-उमस का खतरनाक मेल बन सकता है जानलेवा

Monsoon 2026 : अब सिर्फ गर्मियों की लू ही नहीं, बल्कि आने वाले समय में मानसून (Monsoon 2026) का मौसम भी लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। Indian Institute of Technology Gandhinagar के नेतृत्व में हुए एक नए अध्ययन में सामने आया है कि अगर वैश्विक तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ता है, तो देश का करीब 53 फीसदी हिस्सा मानसून के दौरान भीषण गर्मी और उमस की चपेट में आ सकता है।
अध्ययन में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में मानव शरीर पसीने के जरिए खुद को ठंडा नहीं रख पाएगा। वैज्ञानिक इसे अनकम्पेन्सेबल हीट स्ट्रेस कहते हैं। इसका मतलब है कि तापमान और हवा में नमी इतनी ज्यादा बढ़ जाएगी कि शरीर की प्राकृतिक कूलिंग सिस्टम काम करना बंद कर देगी।
आमतौर पर शरीर पसीने के जरिए अतिरिक्त गर्मी बाहर निकालता है, लेकिन जब हवा में नमी ज्यादा होती है तो पसीना सूख नहीं पाता। इससे शरीर के भीतर गर्मी लगातार बढ़ती रहती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थिति में बिना मेहनत वाला काम किए भी व्यक्ति के शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है। लंबे समय तक यह स्थिति रहने पर हीट स्ट्रोक, गंभीर बीमारियां और मौत तक का खतरा बढ़ सकता है।
53 फीसदी हिस्सा होगा प्रभावित
शोधकर्ताओं के मुताबिक, अगर वैश्विक तापमान 2 डिग्री तक बढ़ा तो मानसून के दौरान भारत का करीब 53 फीसदी हिस्सा गंभीर गर्मी और उमस से प्रभावित होगा। वहीं गर्मियों में यह खतरा और बढ़कर करीब 60 फीसदी हिस्से तक पहुंच सकता है।
70 करोड़ लोगों पर सबसे बड़ा खतरा
रिपोर्ट में गंगा के मैदानी इलाके, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी तटीय क्षेत्रों को सबसे ज्यादा संवेदनशील बताया गया है। इन इलाकों में रहने वाले करीब 70 करोड़ लोगों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार किसान, निर्माण श्रमिक, सड़क निर्माण और खुले में काम करने वाले मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। बढ़ती गर्मी और उमस न सिर्फ स्वास्थ्य बल्कि उनकी काम करने की क्षमता और आजीविका पर भी बड़ा असर डाल सकती है।
जलवायु परिवर्तन की यह चेतावनी बताती है कि भविष्य में मानसून भी राहत नहीं, बल्कि नई चुनौती बन सकता है। (Monsoon 2026)



