छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का टॉर्चर जारी, अगले दो दिन लू का अलर्ट, दुर्ग सबसे गर्म जिला

Heatwave Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं और कई इलाकों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कवर्धा में 44 डिग्री, सक्ती में 43.9 डिग्री, बेमेतरा में 43.8 डिग्री और जांजगीर-चांपा में 43.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि राजनांदगांव में 42.7 और अंबिकापुर में 42.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जगदलपुर में तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें:- ट्विशा शर्मा मौत मामला: पूर्व जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द, गिरफ्तारी के आसार तेज
सबसे ज्यादा गर्म शहरों की सूची
| शहर | अधिकतम तापमान |
|---|---|
| दुर्ग | 45.5°C |
| रायपुर | 44.3°C |
| कवर्धा | 44°C |
| सक्ती | 43.9°C |
| बेमेतरा | 43.8°C |
| जांजगीर-चांपा | 43.7°C |
| बिलासपुर | 43.3°C |
| राजनांदगांव | 42.7°C |
| पेंड्रारोड | 42.2°C |
| अंबिकापुर | 42.1°C |
| जगदलपुर | 39.5°C |
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण, उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक फैली ट्रफ लाइन और बिहार से तेलंगाना तक सक्रिय उत्तर-दक्षिण द्रोणिका का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। बंगाल की खाड़ी से पहुंच रही नमी और जमीन की अत्यधिक गर्मी के कारण प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं। (Heatwave Alert in Chhattisgarh)
बुधवार को राजधानी में हुई बारिश
रजधानी रायपुर में बुधवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। देवपुरी इलाके में बिजली का पोल गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी रायपुर में लू चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। कृषि वैज्ञानिकों ने रबी मक्का, केला और पपीता की फसलों में हल्की सिंचाई करने और गेहूं और चना की कटाई जल्द पूरी कर उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। (Heatwave Alert in Chhattisgarh)



