Google Analytics —— Meta Pixel

नॉर्वे ने PM मोदी को दिया अपना सर्वोच्च सम्मान, कल स्वीडन में मिला था 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान

Highest Honor to Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आयोजित एक विशेष समारोह में नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया। यह सम्मान नॉर्वे की ओर से विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिए जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिना जाता है। इस सम्मान के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की सूची और लंबी हो गई है और अब तक उन्हें कुल 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें:- नॉर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले- आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता

इसे लेकर PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ‘रॉयल ​​नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ का ‘ग्रैंड क्रॉस’ प्राप्त करके मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं यह सम्मान भारत की जनता को समर्पित है और भारत-नॉर्वे के बीच की अटूट मित्रता को एक ट्रिब्यूट है। यह वैश्विक प्रगति के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह सम्मान ऐसे समय में मिला है, जब एक दिन पहले ही स्वीडन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया था। लगातार दो यूरोपीय देशों से सर्वोच्च सम्मान मिलना भारत की बढ़ती वैश्विक कूटनीतिक भूमिका और प्रधानमंत्री मोदी की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता को दर्शाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह घटनाक्रम यूरोप और भारत के बीच मजबूत होते रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों का संकेत है। प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनेस गार स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की, जिसमें व्यापार, निवेश, ग्रीन एनर्जी, डिजिटल सहयोग और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। (Highest Honor to Modi)

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (EFTA) के बीच लागू हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते का भी उल्लेख किया, जिसके तहत भारत में अगले 15 सालों में लगभग 100 अरब डॉलर के निवेश और करीब 10 लाख रोजगार सृजन की संभावना जताई गई है। PM मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत और नॉर्वे सहित यूरोप के देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति देगा और दोनों पक्षों के लिए विकास के नए अवसर खोलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और नॉर्वे समुद्री अर्थव्यवस्था, हरित ऊर्जा और तकनीकी नवाचार जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे, जिससे वैश्विक सतत विकास को भी मजबूती मिलेगी। (Highest Honor to Modi)

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का ओस्लो पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया, जहां नॉर्वे सरकार के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भारतीय समुदाय के लोगों ने भी उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वागत कार्यक्रमों के जरिए भारत-नॉर्वे संबंधों की मजबूती का संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उनके पांच देशों के विदेश दौरे का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें इससे पहले वे यूएई, नीदरलैंड और स्वीडन की यात्रा कर चुके हैं और आगे इटली जाने का कार्यक्रम है। इस पूरे दौरे में लगातार मिल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मान भारत की वैश्विक छवि और कूटनीतिक प्रभाव को और मजबूत करते दिख रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!