हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा, बस पर पहाड़ी से चट्टान गिरने पर 18 लोगों की मौत

Himachal Pradesh Accident: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां बरठीं के पास भलू क्षेत्र में एक यात्री बस पर अचानक पहाड़ से मलबा गिर गया, जिससे बस पूरी तरह मलबे में दब गई। हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। बिलासपुर SP संदीप धवल ने बताया कि बस से अधिकांश मलबा हटा लिया गया है, लेकिन अभी भी कुछ हिस्सों में मलबा फंसा है। टीमें इस बात की जांच में जुटी है कि कहीं बस में कोई और यात्री तो दबा नहीं है।
यह भी पढ़ें:- राज्योत्सव इस बार पांच दिनों तक, उद्घाटन में प्रधानमंत्री मोदी और समापन में उपराष्ट्रपति रहेंगे शामिल : विजय शर्मा
दरअसल, बिलासपुर के कई इलाकों में मंगलवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही थी, जिससे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया था। हादसे के वक्त यह निजी बस मरोतन से घुमारवीं की ओर जा रही थी। भलू के पास अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर बस पर गिर पड़ा। हादसे के बाद बस की सिर्फ छत नजर आ रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को लेकर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। PM ने यह भी घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख की अनुग्रह राशि, जबकि घायलों को 50,000 की सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। घायलों को तत्काल इलाज मुहैया कराया जा रहा है। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। CM सुक्खू लगातार शिमला से हालात की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि किसी भी घायल को इलाज में देरी न हो। डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए पीड़ादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। (Himachal Pradesh Accident)

वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद कंगना रनौत ने भी ट्वीट कर घटना पर शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। बिलासपुर के एडीसी ओम कांत ने बताया कि प्रशासन की टीमें मौके पर हैं और लगातार राहत अभियान जारी है। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें लगाई गई हैं। घायलों को घुमारवीं के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के चलते पहाड़ी रास्तों पर यात्रा से फिलहाल बचें। (Himachal Pradesh Accident)




