हिंदुओं पर हो रहा अत्याचार, सड़क पर उतरने की जरूरत, धीरेंद्र शास्त्री आज से शुरू कर रहे हिंदू एकता पदयात्रा
Dhirendra Krishna Shastri : बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा बागेश्वर धाम से ओरछा तक 160 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी. उनकी यात्रा की शुरुआत आज से शुरू होगी. यात्रा मप्र सहित यूपी के जिले में भी प्रवेश करेगी, जिसके चलते मध्य प्रदेश की पुलिस सहित उत्तर प्रदेश की पुलिस भी यात्रा को लेकर अलर्ट है।
धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) की इस पदयात्रा में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में लोग बागेश्वर धाम पहुंचे हैं. बीती रात वहां धीरेंद्र शास्त्री ने बड़ी संख्या में आए लोगों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है और इसे रोकने के लिए सड़क पर उतरने की जरूरत है.
धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) ने यात्रा में आई भीड़ को लेकर कहा, “ये बजरंगवली के भक्तों की भक्ति का यह उबाल है, यह हिंदुओं की जागृति का उबाल है. हमें बजरंगबली की कृपा पर भरोसा है. आज हमें हिंदुओं पर भी भरोसा बढ़ रहा है जब एक आवाज में हिंदू एक दिन धर्म विरोधियों के खिलाफ सड़कों पर उतर जाएंगे तो उसी दिन इस देश में हिंदुओं पर होने वाला अत्याचार बंद हो जाएगा.” बागेश्वर बाबा ने कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है. 2005 तक वक्फ के पास कुछ सौ एकड़ ही जमीन थी, लेकिन आज साढ़े आठ लाख एकड़ जमीन है. संसद पर तो दावा ठोक ही रहे हैं कल को यहां भी दावा ठोंक देंगे.
बता दें हिंदू एकता की अलख जगाने के लिए बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा बागेश्वर धाम से ओरछा तक 160 किलोमीटर पदयात्रा निकाली जा रही है. पदयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल बना हुआ है. बागेश्वर धाम से लेकर ओरछा तक के रास्ते भर के गांव के श्रद्धालु पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. यात्रा 21 नवंबर से बागेश्वर धाम से शुरू होगी, जो कि 29 नवंबर को ओरछा में समाप्त होगी.
यात्रा में ये संत होंगे शामिल
यात्रा में मूलक पीठाधीश्वर राजेन्द्र दास महाराज, जगत गुरू रामभद्राचार्य महाराज, हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास महाराज, इन्द्रशेश महाराज, सुदामा कुटी के सतीक्ष्णदास, संजीव कृष्ण ठाकुर, अनुरुद्धाचार्य महाराज, जगतगुरू वल्लभाचार्य महाराज, गोरीलाल कुंज के महंत किशोर दास महाराज शामिल होंगे.
यात्रा का 7 दिवसीय प्लान
• पहला दिन: 21 नवंबर को यात्रा बागेश्वर धाम से शुरू होगी, इसके बाद फोर लेन रोड होते हुए पहला स्टॉप कदारी गांव में होगा.
• दूसरा दिन: दूसरे दिन यात्रा करीब 18 किलोमीटर चलकर छतरपुर जिले के पेप्टेक टाउन पहुंचेगी.
• तीसरा दिन: 23 तारीख को यात्रा का नौगांव में विश्राम होगा.
• चौथा दिन: चौथे दिन पं. धीरेन्द्र शास्त्री देवरी डेम में विश्राम करेंगे.
• पांचवां दिन: यात्रा मऊरानीपुर में विश्राम करेगी.
• छठवां दिन: यात्रा निवाड़ी में विश्राम करेगी.
• सातवां दिन: अंतिम दिन यात्रा यादव ढाबा होते हुए ओरछा धाम पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा.
• सनातनी हिंदू एकता पदयात्रा को लेकर जबरदस्त तैयारियां की गई है. छतरपुर की सड़कें और यात्रा मार्ग पोस्टरों से पट गए हैं.



