Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलियों से लोहा लेने वाले जांबाज जवानों से मिले गृहमंत्री विजय शर्मा, मिठाई खिलाकर की हौसला अफजाई

HM Sharma Meet Jawans: गृहमंत्री विजय शर्मा ने कृषि रामविचार नेताम और वन मंत्री केदार कश्यप के साथ दंतेवाड़ा पहुंचकर कारली स्थित रक्षित केंद्र के कॉन्फ्रेंस हॉल में सुरक्षाबलों के जांबाज जवानों से मुलाकात की। इसके साथ ही उनके साहसिक और सफल ऑपरेशन की सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया। बता दें कि 4 अक्टूबर को दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नेंदूर-थुलथुली के जंगल में जवानों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें जवानों ने अपने अदम्य साहस से 31 नक्सलियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में DKSZC,DVC,PLGA कंपनी नंबर-6 के कई कैडर समेत 18 पुरुष और 13 महिला कुल 31 वर्दीधारी नक्सली ढेर हुए हैं।

यह भी पढ़ें:- आज नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे शाह, CM विष्णुदेव साय भी होंगे शामिल

मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है। मारे गए नक्सलियों में 25 लाख का इनामी DKSZC और पूर्वी बस्तर इंचार्ज नीति उर्फ उर्मिला भी शामिल थी। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में से अब तक हुई 15 शिनाख्तगी में DKSZC के अलावा दो कैडर 8 लाख इनामी DBCM और 9 कैडर PLGA और कंपनी-6 के नक्सली भी शामिल है। इस घटना में 01 IMG, 04 AK 47, 06 SLR, 03 इन्सास, 2 थ्री नॉट थ्री समेत कई हथियार बरामद हुए हैं। सुरक्षाबल के जवानों की टीम दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती इलाके में पूर्वी बस्तर डिवीजन, PLGA कंपनी 6, इंद्रावती एरिया कमेटी, प्लाटून-16 के शीर्ष नक्सलियों के आने की सूचना के आधार पर सर्चिंग ऑपरेशन के लिए निकले थे। (HM Sharma Meet Jawans)

डिप्टी CM विजय शर्मा ने दी बधाई

इस संयुक्त टीम में दंतेवाड़ा DRG, नारायणपुर DRG और STF शामिल थे। भारी बरसात में उफनते नदी नालों और माड़ की पहाड़ियों को पार कर जवानों की टीम नक्सलियों के जमा होने वाले इलाके में पहुंची, जहां हुई जबरदस्त मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को मार गिराया। यह सुरक्षाबलों के लिए बहुत बड़ी सफलता है। इस बड़े ऑपरेशन में सिर्फ एक जवान घायल हुआ है। बाकी के सभी जवान सुरक्षित रहे। इस मौके पर पुलिस बल का नेतृत्व कर रहे एडिशनल एसपी स्मृतिक राजनाला ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। डिप्टी CM विजय शर्मा ने सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि मैं केंद्र और राज्य सरकार की ओर सभी जवानों के लिए शुभकामना संदेश लेकर आया हूं। (HM Sharma Meet Jawans)

डिप्टी CM ने जवानों का कराया मुंह मीठा 

डिप्टी CM ने छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े एनकाउंटर को अंजाम देने वाले जांबाज जवानों का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सब दंतेश्वरी माई के बेटे और बेटियां हैं और आपने जो कार्य किया है, इसके बाद किसी को कोई संदेह नहीं है कि आपकी भुजाओं की ताकत से बस्तर में मंडराने वाला नक्सली आतंक जल्द ही खत्म होगा। गृहमंत्री ने जवानों को आश्वस्त किया कि सरकार नक्सलवाद को खत्म करने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। बस्तर में विकास के लिए सरकार कभी किसी चीज की कोई कमी नहीं होने देगी। उन्होंने बस्तर के भटके नौजवानों से अपील की कि वे मुख्यधारा में लौटे। उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। (HM Sharma Meet Jawans)

किसी भी जवान को कोई हानि नहीं हुई: शर्मा

उन्होंने कहा कि आपके अदभूत पराक्रम और शौर्य से बस्तर में सुख-शांति फिर से लौटेगी। इस अभियान से आपने देश और दुनिया की सोच बदली है। मां दंतेश्वरी की कृपा से इस भीषण मुठभेड़ में किसी भी जवान को कोई हानि नहीं हुई। बस्तर शांति का टापू रहा है, लेकिन कुछ दिग्भ्रमित लोगों के कारण यहां की शांति भंग हुई है। हमारे सुरक्षाबल और पुलिस के जवान ऐसे लोगों को नेस्तनाबूद करके ही रहेंगे। यह छत्तीसगढ़ सबसे बड़ा ऑपरेशन रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। (HM Sharma Meet Jawans)

विकास में बाधक किसी भी शक्ति को बर्दाश्त नहीं: नेताम

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस सफल ऑपरेशन को विजय दिवस की संज्ञा देते हुए कहा कि इस सफलता से पूरा देश गौरवान्वित है। प्रदेश और देश के विकास में बाधक किसी भी शक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस सफल ऑपरेशन की चर्चा छत्तीसगढ़ के हर जिलों में है। इससे नक्सलवाद मुक्त बस्तर अभियान को एक नई गति मिली है। इसके लिए सुरक्षाबलों समेत IG, DIG, SP और कलेक्टर सभी बधाई के पात्र है। आम बस्तरियों के विकास के लिए राशन दुकान, स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़के और बिजली की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। इससे बस्तर विकास की गति में तेजी से आगे बढ़ेगा। इस दौरान विधायक दंतेवाड़ा चौतराम अटामी, बस्तर IG सुंदरराज पी., DIG कमलोचन कश्यप, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, SP गौरव राय समेत पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। (HM Sharma Meet Jawans)

Back to top button
error: Content is protected !!