भारतीय हॉकी टीम की नई नारंगी जर्सी पर विवाद, पूर्व कप्तान रास्किन्हा ने उठाए सवाल, हॉकी इंडिया बोला- ये खिलाड़ियों की पसंद

Hockey Team Jersey Controversy: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम की नई जर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दशकों से नीले रंग की जर्सी में खेलने वाली भारतीय टीम अब आगामी विश्व कप में नारंगी रंग की किट में नजर आएगी। हॉकी इंडिया की ओर से 27 जुलाई को नई जर्सी लॉन्च करने के बाद इस फैसले पर खेल जगत और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने जर्सी का रंग बदलने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि नीली जर्सी भारतीय हॉकी की पहचान रही है और इसे बदलने का फैसला समझ से परे है। वहीं हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि नई जर्सी खिलाड़ियों, कप्तानों, कोच और सपोर्ट स्टाफ की राय के आधार पर चुनी गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ का चर्चित सीडी कांड: भूपेश बघेल को HC से राहत, आगे की सुनवाई पर लगा स्टे
पूर्व कप्तान विरेन रास्किन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि उन्होंने सालों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है और भारतीय प्रशंसक भी टीम को इसी रंग में पहचानते हैं। उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया ने खेल के विकास के लिए कई अच्छे कदम उठाए हैं, लेकिन जर्सी का रंग बदलने का फैसला निराशाजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर नारंगी या भगवा रंग अपनाने के पीछे क्या तर्क है। रास्किन्हा भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। वह 2001 जूनियर वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे, 2004 एथेंस ओलिंपिक, 2006 हॉकी वर्ल्ड कप और कई चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। (Hockey Team Jersey Controversy)
हॉकी इंडिया का बचाव
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नई जर्सी का रंग किसी एक व्यक्ति का फैसला नहीं था। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों, टीम कप्तानों, कोच और सपोर्ट स्टाफ की राय के बाद यह निर्णय लिया गया है। टिर्की ने यह भी कहा कि अगर हॉकी वर्ल्ड कप के बाद खिलाड़ियों को यह जर्सी पसंद नहीं आती या बेहतर विकल्प की जरूरत महसूस होती है तो भविष्य में रंग बदलने पर विचार किया जा सकता है। भारतीय टीम नई नारंगी जर्सी में FIH पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट का 16वां संस्करण 14 से 30 अगस्त 2026 के बीच बेल्जियम के वावरे और नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में आयोजित होगा। भारत ने अब तक सिर्फ एक बार हॉकी विश्व कप का खिताब जीता है। टीम ने 1975 में विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया था। करीब पांच दशक बाद भारतीय टीम एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। (Hockey Team Jersey Controversy)
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई सामने
नई जर्सी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने जर्सी का रंग नीले से नारंगी किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि देश की पहचान सत्य, अहिंसा और भाईचारे जैसे मूल्यों से है और इन प्रतीकों के साथ किसी प्रकार की अनावश्यक छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ वर्दी बदलने या इतिहास को नए तरीके से पेश करने से देश की मूल भावना नहीं बदली जा सकती। देश की आत्मा भाईचारे, एकता और प्रेम पर आधारित है, जिसे कोई नहीं बदल सकता। हालांकि हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि भारतीय टीम की जर्सी का रंग बदलने के पीछे मुख्य वजह तकनीकी और खेल संबंधी है, न कि कोई अन्य कारण। उन्होंने बताया कि आज अधिकांश अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबले नीले रंग के सिंथेटिक टर्फ पर खेले जाते हैं। ऐसे में नीली जर्सी पहनने पर खिलाड़ियों को मैदान पर एक-दूसरे की पहचान करने और तेजी से पास देने में दृश्यता की समस्या आती थी। इसी वजह से खिलाड़ियों, कप्तानों, कोच और सपोर्ट स्टाफ ने पीले या केसरिया रंग की जर्सी अपनाने का सुझाव दिया।
केसरिया रंग को ही क्यों चुना गया ?
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रमुख रंगों में से एक केसरिया रंग को चुना गया। हॉकी इंडिया का यह भी कहना है कि भारतीय टीम की जर्सी में पहले भी समय-समय पर बदलाव होते रहे हैं और अलग-अलग अवसरों पर पीले व हल्के नीले रंग का इस्तेमाल किया जा चुका है। उदाहरण के तौर पर 2014 हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम ने पीले रंग की जर्सी पहनी थी, जबकि 2018 हॉकी विश्व कप में हल्के नीले यानी स्काई ब्लू रंग की किट का इस्तेमाल किया गया था। हॉकी इंडिया का कहना है कि भारतीय टीम की जर्सी में बदलाव कोई नया या अभूतपूर्व कदम नहीं है। तर्क है कि समय, टूर्नामेंट और तकनीकी जरूरतों के मुताबिक जर्सी के डिजाइन और रंग में बदलाव पहले भी होते रहे हैं। हालांकि इस बार नीले रंग की जगह केसरिया जर्सी अपनाए जाने को लेकर पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों के बीच बहस छिड़ गई है, क्योंकि नीली जर्सी लंबे समय से भारतीय हॉकी की पहचान मानी जाती रही है, जिसके चलते यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।




