वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल रूस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे छत्तीसगढ़ के युवा, CM विष्णुदेव साय ने दी बधाई

World Youth Festival Russia: छत्तीसगढ़ के 8 युवा 1 से 7 मार्च तक रूस के सोची शहर में आयोजित होने वाले वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भारत से शामिल होने वाले दल का हिस्सा होंगे। इन युवाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में मुलाकात कर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और युवाओं को अपना आशीष और शुभकामनाएं दी। उन्होंने युवाओं से कहा कि आपको प्रदेश के साथ-साथ अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरवपूर्ण अवसर मिल रहा है। आप सभी स्वामी विवेकानंद के देश से वहां जा रहे हैं। आप भारत के प्रतिनिधि हैं, हमारी महान सांस्कृतिक परंपरा की झलक वहां दिखाएं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों में बनेगा अटल चौक, डिप्टी CM अरुण साव ने किया ऐलान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आप सभी अपने भीतर अपने देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की महक लेकर जाएं, ताकि इस प्रदेश के बारे में रूस के लोग और अधिक जाने और उन्हें यहां आने की उत्सुकता हो। उन्होंने कहा कि भारत के धार्मिक, सांस्कृतिक और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के बारे में अपने विचार रूस सहित यूथ फेस्टिवल में शामिल हो रहे सभी देश के साथियों के साथ साझा करें। गौरतलब है कि 1 मार्च से 07 मार्च 2024 तक रूस के सोची शहर में वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 193 देशों के लगभग 20 हजार युवा शामिल होंगे। भारत से युवाओं का दल यूथ फेस्टिवल में शामिल होने रूस जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ से भी 8 युवा चयनित हुए हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ से डेलीगेट में शामिल पेशीराम जायसवाल, नितेश साहू, सिद्धार्थ शुक्ला, उदयन शर्मा, रितेश कलवानी, अविरल ठाकुर, उदित सिंह और खुशी सिंह मौजूद रहे। (World Youth Festival Russia)

वहीं शांति सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ब्रह्माभोजन के लिए ब्रह्माकुमारी बहनों के अतिथि बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हर साल बड़े स्नेह से ब्रह्माकुमारी बहनें विधानसभा के सभी सदस्यों को ब्रह्म भोजन कराती हैं। यह बड़ी सुंदर परंपरा है। बहनों के स्नेह से हम अभिभूत हैं। राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय  विश्वविद्यालय, शांति सरोवर द्वारा आयोजित स्नेह मिलन और ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कैबिनेट मंत्री और सभी विधायकों ने पवित्र ब्रह्मा भोजन का आनंद लिया। CM साय ने कहा कि आपकी संस्था अनेक जनकल्याणकारी कार्यों को संचालित कर समाज में जनजागृति लाने का काम कर रही है। इसका असर समाज के सभी वर्गों पर पड़ा है। (World Youth Festival Russia)

Related Articles

Back to top button