बुर्का नहीं पहनने पर खौफनाक कत्ल : पति ने पत्नी-दो बेटियों को गोली मारकर सैप्टिक टैंक में दफनाया
Shamli Triple Murder : उत्तर प्रदेश के जिले के कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बुर्का नहीं पहनने को लेकर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी और तीनों शवों को घर के आंगन में बने सैप्टिक टैंक में दफना दिया।
यह भी पढ़े :- CG NEWS : मंदिर परिसर में क्रिसमस आयोजन पर बवाल, पुलिस ने की 151 की कार्रवाई
घटना 10 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान फारुख निवासी गढ़ी के रूप में हुई है। मृतकों में उसकी पत्नी ताहिरा (32), बेटी आफरीन (14) और सहरीन (7) शामिल हैं।
9 दिसंबर से थीं लापता
जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर से ताहिरा और उसकी दोनों बेटियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थीं। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो महिला के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस जांच में खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस को फारुख की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
‘इज्जत’ का हवाला देकर की हत्या
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी और बेटियां बिना बुर्का पहने मायके चली गई थीं, जिससे उसकी ‘इज्जत’ खराब हुई। इसी बात से नाराज होकर उसने तीनों को गोली मार दी और फिर घर में बने सैप्टिक टैंक में शव डालकर ऊपर ईंटों से फर्श बना दिया। (Shamli Triple Murder)
तीनों शव बरामद, आरोपी हिरासत में
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खुदाई कराकर तीनों शव बरामद कर लिए हैं। फारुख को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (Shamli Triple Murder)



