Google Analytics —— Meta Pixel

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एसबीआई साइबर सुरक्षा रथ को झंडी दिखाकर किया रवाना

SBI Cyber Security Rath :  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साइबर सतर्कता रथ (ऑडियो-वीडियो वैन) को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत भी की गई।

लोगों को सतर्क रहने की अपील

मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर कहा कि तकनीक ने मानव जीवन को आसान और सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर ठगी जैसी चुनौतियां भी तेजी से बढ़ी हैं। थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी से लोग साइबर अपराध से बच सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी से भी साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

29 साइबर हॉटस्पॉट पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जागरूकता अभियान लोगों में साइबर सुरक्षा को लेकर समझ विकसित करने का प्रभावी प्रयास है। इसके अंतर्गत ऑडियो-वीडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक और कठपुतली नाटक के माध्यम से आम लोगों को साइबर धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 29 ऐसे हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां साइबर ठगी के मामले अधिक होते हैं और यह रथ विशेष रूप से वहां फोकस करेगा।

15 अगस्त से 30 नवंबर तक चलेगा अभियान

डिजिटल माध्यम से बढ़ रही धोखाधड़ी और अनाधिकृत लेन-देन को देखते हुए SBI ने यह राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है। यह 15 अगस्त से 30 नवंबर 2025 तक चलेगा और प्रदेश के सभी 33 जिलों में जाकर लोगों को जागरूक करेगा। (SBI Cyber Security Rath)

साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन

SBI अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम राकेश सिन्हा, एजीएम दीपक कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। (SBI Cyber Security Rath)

Back to top button
error: Content is protected !!