Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : अस्पताल के बाथरूम में मिला मानव भ्रूण, सफाई के दौरान मचा हड़कंप

CG NEWS : कोरबा जिले के पुराने बस स्टैंड स्थित रानी धनराज कुंवर अस्पताल में सोमवार को सफाई के दौरान बाथरूम में मानव भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। सफाई कर्मचारी ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

सफाई के दौरान मिला भ्रूण

जानकारी के मुताबिक, सफाई कर्मचारी पी. चिना सोमवार सुबह अस्पताल के बाथरूम की सफाई करने पहुंचा था। इसी दौरान उसे तेज बदबू महसूस हुई। जांच करने पर बाथरूम में भ्रूण पड़ा मिला। कर्मचारी ने तत्काल इसकी जानकारी अपने सुपरवाइजर पवन कुमार साहू को दी। (CG NEWS )

सफाई कर्मचारी के अनुसार, सुपरवाइजर ने उसे भ्रूण को पन्नी में पैक कर अस्पताल की छत पर रखने के लिए कहा। इसके बाद बाथरूम की सफाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस को सूचना देने में हुई देरी

कर्मचारी के मुताबिक, उसे मामले की गंभीरता और तत्काल पुलिस को सूचना देने की आवश्यकता की जानकारी नहीं थी। बाद में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलने के बाद एफएसएल टीम भी अस्पताल पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भ्रूण अस्पताल के बाथरूम तक कैसे पहुंचा, उसे वहां कब छोड़ा गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं।

फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (CG NEWS )

यह भी पढ़े :- CG NEWS : जंगल में पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले युवक-युवती, मचा हड़कंप

Back to top button
error: Content is protected !!