Google Analytics —— Meta Pixel

पत्नी को दूसरे के साथ देख कुल्हाड़ी से काटा, खाट से गिरने की कहानी सुनाकर दफनाया शव, ऐसे खुला राज  

Husband Kills Wife: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने का मामला सामने आया है। पति ने पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद गुस्से में कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को बताया कि पत्नी खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पति की इस कहानी पर भरोसा कर परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार करने के बजाय शव को दफना दिया। हालांकि मृतिका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसने पुलिस से शिकायत कर मामले की जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में मौत की वजह हत्या सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।

यह भी पढ़ें:- बालोद के पलारी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, डॉक्टर को फोन करते रहे परिजन, नहीं पहुंचने पर नर्स ने कराया प्रसव

जानकारी के मुताबिक मृतिका पार्वती बाई (52) की शादी जशपुर जिले के खजूरबहार गांव के चौहान पारा निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पार्वती बाई की बहू ने उनकी छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर उनकी मौत की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सीता बाई अगले दिन गांव पहुंची। यहां उन्होंने अपनी बड़ी बहन का शव घर के कमरे में देखा। पार्वती बाई के सिर और माथे पर चोट के निशान थे। शरीर से खून भी निकला हुआ था। यह देखकर उन्हें संदेह हुआ, लेकिन उस समय पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से नीचे गिर गई थीं। गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई। पति की बात पर भरोसा करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को पार्वती बाई का शव दफना दिया। (Husband Kills Wife)

बहन ने 20 नवंबर को दर्ज कराई शिकायत

शव दफनाए जाने के बाद भी सीता बाई के मन में अपनी बहन की मौत को लेकर कई सवाल थे। उन्हें संदेह था कि पार्वती बाई की मौत सामान्य हादसे में नहीं हुई, बल्कि उनकी हत्या की गई है। इस आशंका के आधार पर 20 नवंबर को सीता बाई कुनकुरी थाने पहुंची और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने कब्र से पार्वती बाई का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया और जांच का दायरा पति मुखलाल राम तक पहुंचा।

पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर खोया आपा

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मुखलाल राम के खिलाफ अपराध दर्ज किया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पार्वती बाई को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया और घर में रखी कुल्हाड़ी के पासा वाले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो से तीन बार वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से पार्वती बाई की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए परिजनों के सामने पत्नी के खाट से गिरने की कहानी गढ़ दी। उसकी बात पर भरोसा कर परिवार ने शव दफना दिया और हत्या का मामला सामने आने में देरी हुई। (Husband Kills Wife)

हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त, आरोपी को भेजा गया जेल 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। पूछताछ और जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद मुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले में मृतिका की बहन की सतर्कता और समय रहते की गई शिकायत अहम साबित हुई। अगर सीता बाई को बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह नहीं होता और वह पुलिस तक नहीं पहुंचतीं तो संभव है कि हत्या का यह मामला हादसा मानकर ही बंद रह जाता। एएसपी राकेश कुमार पाटनवार के मुताबिक आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक के चलते कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!