नाजायज रिश्ते में अंधी पत्नी ने लकवाग्रस्त पति का किया कत्ल, पानी में मिलाकर पिलाया कीटनाशक, बच्चों ने खोला राज

Husband Murder in Korba: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अवैध संबंध के चलते अपने ही लकवाग्रस्त पति की कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी। इस वारदात का खुलासा मृतक के मासूम बच्चों की गवाही से हुआ। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है। दरअसल, आशा नगर लाटा का रहने वाला अरुण सिंह भूमियार (38) करीब डेढ़ साल पहले लकवा का शिकार हो गया था। इसके साथ ही वह टीबी से भी जूझ रहा था। चलने-फिरने में असमर्थ अरुण पूरी तरह अपनी पत्नी बंटी देवी (35) पर निर्भर था। परिवार और रिश्तेदार आर्थिक मदद भी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें:- IED ब्लास्ट में घायल जवानों से मिले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जाना हालचाल
जांच में सामने आया है कि बंटी देवी का किसी गैर मर्द से संपर्क था और वह अक्सर मोबाइल पर बात किया करती थी। यह बात अरुण को नागवार गुजरती थी। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता रहता था। पुलिस का कहना है कि इन सब से तंग आकर बंटी देवी ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 27 जनवरी की सुबह आरोपी पत्नी ने अपने 13 साल के बेटे से घर के फूलों में छिड़काव के लिए कीटनाशक मंगवाया। बेटा कीटनाशक खरीदकर घर ले आया, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसी जहर से उसके पिता की हत्या कर दी जाएगी। (Husband Murder in Korba)
रात में पिलाया जहर, बेटी ने देखी पूरी वारदात
27 जनवरी की रात बंटी देवी ने पहले बेटे और बेटी को कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने गिलास में पानी के साथ कीटनाशक मिलाकर पति अरुण सिंह को पिला दिया। इस पूरी घटना को 10 साल की बेटी ने खिड़की से देख लिया। उसने तुरंत अपने बड़े भाई को इसकी जानकारी दी। बाद में बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की शीशी देखी, जो पूरी तरह खाली थी। रात करीब 1:30 बजे अरुण सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगी। बच्चे बार-बार पिता को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन मां टालमटोल करती रही। पूरी रात अरुण तड़पता रहा।
इलाज के दौरान हुई मौत
28 जनवरी की तड़के अरुण को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक इलाज चला, लेकिन 30 जनवरी की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद बच्चे एक रिश्तेदार के साथ SP कार्यालय पहुंचे और पूरी घटना पुलिस को बताई। बच्चों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी बंटी देवी को हिरासत में लिया। पहले वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पति को कीटनाशक पिलाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।
आरोपी पत्नी गिरफ्तार, भेजी गई जेल
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि आरोपी बंटी देवी ने पूछताछ में पति को जहर पिलाकर मारने की बात स्वीकार की है। वह घटना को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बच्चों के बयान से पूरा मामला उजागर हो गया, जिस मां के आंचल में बच्चों ने जिंदगी खोजी, उसी मां के हाथों पिता की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। नाजायज रिश्ते की आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में तबाह कर दिया।



