रायपुर में 14 करोड़ की GST चोरी, कारोबारी संतोष वाधवानी गिरफ्तार, फर्जी इनवॉइस में 80 करोड़ का पकड़ाया खेल
GST Evasion in Raipur: वस्तु-सेवा कर आसूचना महानिदेशालय (DGGI) की रायपुर जोनल यूनिट ने बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खुलासा करते हुए कारोबारी संतोष वाधवानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 29 जनवरी की रात लगभग 9 बजे रायपुर से हिरासत में लिया गया। DGGI की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष वाधवानी ने अपने बेटे के नाम पर रजिस्टर्ड फर्म मेसर्स विजय लक्ष्मी ट्रेड कंपनी के माध्यम से करीब 80 करोड़ रुपए के फर्जी इनवॉइस जारी किए। इन फर्जी इनवॉइस के आधार पर उन्होंने गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिया, जिससे सरकारी खजाने को लगभग 14 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
यह भी पढ़ें:- नाजायज रिश्ते में अंधी पत्नी ने लकवाग्रस्त पति का किया कत्ल, पानी में मिलाकर पिलाया कीटनाशक, बच्चों ने खोला राज
जांच में पता चला है कि फर्म के जरिए किसी वास्तविक माल या सेवा की आपूर्ति नहीं की गई, फिर भी फर्जी बिलिंग के माध्यम से टैक्स चोरी की गई। DGGI अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया इनपुट और डेटा एनालिटिक्स के आधार पर की गई। जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट, ई-वे बिल डेटा और अन्य लेनदेन का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपी के अवैध तरीके से ITC का फायदा उठाने का पूरा खेल सामने आया। आरोपी के खिलाफ CGST अधिनियम, 2017 की धारा 69 के तहत कार्रवाई की गई है। यह अपराध अधिनियम की धारा 132 के अंतर्गत दंडनीय है। गिरफ्तारी के बाद संतोष वाधवानी को रायपुर जिला कोर्ट में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में रायपुर सेंट्रल जेल भेजा गया। (GST Evasion in Raipur)

DGGI की रायपुर जोनल यूनिट ने कहा कि GST चोरी और अवैध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने कारोबारियों से GST कानूनों का सख्ती से पालन करने की अपील की और फर्जी बिलिंग समेत टैक्स चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। विशेषज्ञों के मुताबिक फर्जी इनवॉइस जारी करना या लेना GST कानून के तहत गंभीर अपराध है। इसमें बिना असली सामान बेचे या सेवा दिए कागजों में बिल बनाया जाता है, ताकि टैक्स चोरी की जा सके। ऐसे मामलों में जेल और भारी जुर्माना दोनों का प्रावधान है। अगर टैक्स चोरी की रकम 5 करोड़ रुपए से ज्यादा हो तो आरोपी को 5 साल तक की जेल हो सकती है और चोरी किए गए टैक्स के बराबर या उससे ज्यादा जुर्माना भी लगाया जा सकता है। (GST Evasion in Raipur)




