महाराष्ट्र लैंडस्लाइड में जान गंवाने वालों की संख्या हुई 26, यवतमाल में दीवार गिरने से 2 की मौत

Maharashtra Landslide Update: महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ का कहर लगातार जारी है। इस बीच रायगढ़ में हुए लैंडस्लाइड में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ गई है। NDRF के डिप्टी कमांडेंट प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 3 दिन से बचाव कार्य जारी हैं। इस बीच 4 और शव बरामद किए गए हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।  82 लोग अभी भी लापता हैं। बता दें कि भारी बारिश की वजह से 19 जुलाई को इर्शालवाडी में चट्‌टान का मलबा करीब 40 घरों पर गिरा था। इससे लैंडस्लाइड से घर पूरी तरह तबाह हो गए। वहीं भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। क्योंकि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। 

यह भी पढ़ें:- G20 ऊर्जा मंत्रिस्तरीय बैठक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही ये बात

इधर, महाराष्ट्र के यवतमाल में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बनी है। कई घरों में पानी भर गया। इस बीच एक घर की दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए एयरफोर्स के Mi-17 हेलीकॉप्टर को बुलाया गया। पांच जगहों पर SDRF की टीमें तैनात हैं। मौसम विभाग ने पालघर, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुजरात के जूनागढ़ में चार घंटे में आठ इंच बारिश हुई है। इससे सड़कों पर पानी भर गया। कई कारें पानी में बहती दिखीं। अमरेली में भी पानी भर गया। (Maharashtra Landslide Update)

वहीं पहाड़ों में भी तेज बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और जम्मू-कश्मीर के कारगिल में 21 जुलाई की देर रात बादल फट गया। कश्मीर के रामबन इलाके में बारिश के कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने से 55 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। उत्तराखंड के यमुनोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया और कई गाड़ियां दब गईं। वहीं, स्कूलों में भी मलबा जमा हो गया। बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। UP में बिजनौर के मंडावली में कोटावाली नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बस तेज बहाव में फंस गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। JCB से सभी का रेस्क्यू किया गया। (Maharashtra Landslide Update)

इधर, गुजरात के नवसारी में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। कलेक्टर अमित प्रकाश यादव ने कहा कि नवसारी में सुबह 8 बजे से 12 बजे के बीच अप्रत्याशित बारिश हुई जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ। लगभग सभी जगह से पानी निकल गया है, लेकिन कुछ निचले इलाकों में अब भी जलभराव है। हमारी 40 टीम मौके पर मौजूद है…जनहानि की कोई सूचना नहीं है, एक व्यक्ति लापता है, उसकी तलाश जारी है। (Maharashtra Landslide Update)

नवसारी ज़िले में बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर 5-7 किमी तक ट्रैफिक जाम हो गया था। फिलहाल अहमदाबाद और मुंबई की तरफ ट्रैफिक खुल गया है। राजकोट कलेक्टर प्रभाव जोशी ने कहा कि जूनागढ़ में भारी बारिश के चलते CM भूपेंद्र पटेल ने कलेक्टर ऑफिस में एक आपातकालीन बैठक बुलाई थी। राहत और बचाव कार्य के लिए राजकोट जिले से 4 नगर पालिका की टीम, 25 हजार फूड पैकेट, NDRF की टीम जूनागढ़ भेजे जा रहे हैं। गुजरात के जूनागढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हुआ है। (Maharashtra Landslide Update)

Related Articles

Back to top button