युवक ने 8 बार डाला वोट, पुलिस ने किया गिरफ्तार, चुनाव आयोग ने पूरी पोलिंग टीम को किया सस्पेंड, अब फिर से होगी वोटिंग
Lok Sabha Viral Voting Video : एटा जिले के अलीगंज विधानसभा में एक नाबालिग को फर्जी वोटिंग करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इस मामले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आयी है. अब निर्वाचन आयोग ने 25 मई को यहां पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है. बता दें कि फर्रुखाबाद संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले एटा जिले के एक मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान करने का वीडियो वायरल हुआ था.
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया की 25 मई को फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले एटा जिले के अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के खिरिया पमारान गांव में पुनः मतदान कराया जाएगा. इस मतदान केंद्र पर 13 मई को वोटिंग के दौरान 17 वर्षीय एक किशोर के बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में सात-आठ बार फर्जी मतदान करने का वीडियो (Lok Sabha Viral Voting Video ) सामने आया था.
यह भी पढ़े :- Delhi Excise Policy Case : मनीष सिसोदिया को नहीं मिली राहत, 31 मई तक के लिए बढ़ी न्यायिक हिरासत
वीडियो वायरल (Lok Sabha Viral Voting Video ) होने के बाद राजनीतिक दलों ने विरोध जताया था. फर्रुखाबाद से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी नवल किशोर शाक्य ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी. अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आयुष चौधरी ने बताया कि फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र में चौथे चरण के चुनाव के तहत 13 मई को मतदान हुआ था. अब अलीगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 343-प्राथमिक विद्यालय खिरिया पमारान में पुनः मतदान 25 मई को होगा.
अधिकारी आयुष चौधरी ने बताया कि 25 मई (शनिवार) को सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक पुनः मतदान का समय घोषित किया गया है. बता दें कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने फर्जी मतदान का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया था. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनके पोस्ट को साझा करते हुए कहा था कि अपनी हार सामने देखकर भाजपा जनादेश को झुठलाने के लिए सरकारी तंत्र पर दबाव बनाकर लोकतंत्र को लूटना चाहती है.
निर्वाचन आयोग ने ड्यूटी के दौरान तैनात कर्मियों को निलंबित कर पुन: मतदान के आदेश दिए. अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने बताया कि 8 बार मतदान करने वाले किशोर की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उसे जमानत दे दी गयी. मुकदमे में लगी सभी धाराओं में सात वर्ष से कम की सजा है.



