गुढ़ियारी थाना प्रभारी से दुर्व्यवहार का मामला गरमाया, साहू समाज ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
रायपुर : गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेन्द्र साहू के साथ 15 सितंबर 2026 को हुए कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं तत्काल जांच तथा दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश साहू संघ ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि थाना प्रभारी के साथ हुए व्यवहार को लेकर समाज में रोष है। संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
FIR दर्ज, गिरफ्तारी को लेकर सवाल
इस मामले में भाजयुमो नेता समेत उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। साहू समाज का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे समाज में नाराजगी बढ़ रही है।
संघ ने पुलिस कमिश्नर को सौंपे पत्र में मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर घटनाक्रम में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारी के सम्मान से जुड़ा विषय बताया
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने अपने पत्र में कहा है कि थाना प्रभारी नरेन्द्र साहू पुलिस अधिकारी होने के साथ समाज के प्रतिष्ठित सदस्य भी हैं। उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को संघ ने सामाजिक सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय बताया है। संघ ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिस अधिकारी के साथ इस प्रकार के व्यवहार पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल रहा मौजूद
पुलिस कमिश्नर को पत्र सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश महामंत्री उधो राम साहू, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के संयोजक बी.सी. साहू, युवा प्रकोष्ठ के संयोजक शशिकांत साहू और संभागीय संयोजक मनीष साहू उपस्थित रहे।
प्रदेश साहू संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर स्थिति स्पष्ट करने और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़े :- भविष्य के उद्योगों का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री साय



