Google Analytics —— Meta Pixel

भारत ने चौथे T-20 में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त

IND Vs AUS T20: भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को खेले गए चौथे T-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। यह मुकाबला गोल्ड कोस्ट के करारा ओवल मैदान में खेला गया, जहां भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए और जवाब में मेजबान टीम 18.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने ठोस शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े।

यह भी पढ़ें:- कांकेर में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफनाने को लेकर विवाद, तीन दिन से मॉर्च्यूरी में पड़ी लाश

अभिषेक ने 28 और शुभमन ने 46 रनों की पारी खेली। शुभमन ने अपने क्लासिक शॉट्स से दर्शकों का दिल जीत लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (20 रन) और शिवम दुबे (22 रन) ने बीच के ओवरों में रनगति को बनाए रखा। अंत में अक्षर पटेल ने सिर्फ 11 गेंदों पर नाबाद 21 रन ठोककर टीम को 167 के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस और एडम जम्पा सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने 3-3 विकेट झटके। जैवियर बार्टलेट और मार्कस स्टोयनिस को एक-एक विकेट मिला।

गेंदबाजों का जलवा, ऑस्ट्रेलिया 119 पर ढेर

168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती दिखी। अक्षर पटेल ने मैथ्यू शॉर्ट (25 रन) को LBW कर पहला झटका दिया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में लगातार दो विकेट झटककर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी। सुंदर ने कुल 3 रन देकर 3 विकेट चटकाए। यह उनके करियर का सबसे किफायती स्पेल रहा। इसके अलावा अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए, जबकि बुमराह और अर्शदीप को 1-1 सफलता मिली। पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 18.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। (IND Vs AUS T20)

शिवम दुबे ने मारा 117 मीटर का छक्का

मैच के दौरान भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने ऐसा छक्का लगाया, जिसकी चर्चा हर ओर हो रही है। 11वें ओवर में एडम जम्पा की गेंद पर दुबे ने सीधा 117 मीटर लंबा छक्का जड़ा। गेंद स्टेडियम से बाहर चली गई और नई बॉल मंगानी पड़ी। दुबे ने कहा कि मैंने इतनी बड़ी स्क्वैयर बाउंड्री पहले कभी नहीं देखी थी। यहां की बाउंड्री करीब 80-82 मीटर की है, इसलिए हमने उसी हिसाब से रणनीति बनाई। (IND Vs AUS T20)

अक्षर पटेल प्लेयर ऑफ द मैच

अक्षर पटेल को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि पिच पर गेंद रुककर आ रही थी, इसलिए शॉट खेलने से पहले इंतजार जरूरी था। मैंने हालात को समझकर खेला और बल्लेबाजों की मजबूती के हिसाब से अपनी गेंदबाजी की योजना बनाई। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल और अभिषेक ने अच्छी शुरुआत दी। इसके बाद मध्य क्रम ने टीम को संभाला। गेंदबाजों ने ओस की स्थिति में भी बेहतरीन नियंत्रण रखा। यह एक सम्पूर्ण टीम प्रयास था। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ सीरीज में बढ़त बनाई, बल्कि ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में अब तक के सबसे बड़े अंतर से हराने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

Back to top button
error: Content is protected !!