Google Analytics —— Meta Pixel

इंडिया एनर्जी वीक 2026 का आगाज, PM मोदी बोले- एनर्जी सेक्टर के लिए भारत अवसरों की धरती

India Energy Week 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंडिया एनर्जी वीक 2026 के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत आज एनर्जी सेक्टर के लिए अवसरों की भूमि बन चुका है। दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था होने के कारण भारत में ऊर्जा उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है, वहीं भारत वैश्विक ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडिया एनर्जी वीक अब वैश्विक स्तर पर संवाद और सहयोग का एक मजबूत मंच बनकर उभरा है। इस साल गोवा में आयोजित इस आयोजन में दुनिया के करीब 150 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं, जो ऊर्जा सुरक्षा और सतत भविष्य पर मंथन करने भारत आए हैं।

यह भी पढ़ें:- बॉयफ्रेंड को न्यूड वीडियो कॉल करती थी पत्नी, पति ने बेडरूम में लगवाया CCTV, हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटा

PM मोदी ने कहा कि भारत आज पेट्रोलियम उत्पादों के टॉप-5 निर्यातक देशों में शामिल है और 150 से ज्यादा देशों को ऊर्जा उत्पादों की आपूर्ति कर रहा है। उन्होंने इसे भारत की ताकत बताते हुए कहा कि यह क्षमताएं अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के लिए बेहद उपयोगी हैं और इंडिया एनर्जी वीक इस सहयोग को आगे बढ़ाने का एक आदर्श मंच है। प्रधानमंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का भी जिक्र किया, जिसे ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के 140 करोड़ लोगों और यूरोप के करोड़ों नागरिकों के लिए बड़े अवसर लेकर आया है। यह डील वैश्विक GDP के करीब 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार के लगभग एक-तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करती है।

भारत की रिफाइनिंग क्षमता पर जोर

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह समझौता सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और रूल ऑफ लॉ के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है। यह फ्री ट्रेड एग्रीमेंट ब्रिटेन और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (EFTA) के साथ पहले से मौजूद समझौतों को भी पूरक बनाएगा। प्रधानमंत्री ने भारत की रिफाइनिंग क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि भारत इस समय दुनिया में दूसरे स्थान पर है और जल्द ही पहले स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। वर्तमान में देश की रिफाइनिंग क्षमता करीब 260 MMTPA है, जिसे बढ़ाकर 300 MMTPA करने पर काम चल रहा है। उन्होंने इसे निवेशकों के लिए बड़ा अवसर बताया।

इंडिया एनर्जी वीक 2026 की खासियत

इंडिया एनर्जी वीक 2026 एक वैश्विक ऊर्जा प्रदर्शनी और सम्मेलन है, जो 30 जनवरी तक चलेगा। इस आयोजन में 75 हजार से ज्यादा एनर्जी प्रोफेशनल्स, 700 से ज्यादा एग्जीबिटर्स और 550 से ज्यादा विशेषज्ञ वक्ता हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिनों में 120 से ज्यादा सेशन, 12 अंतरराष्ट्रीय कंट्री पवेलियन और 11 थीमेटिक जोन बनाए गए हैं, जिनमें तेल-गैस, रिन्यूएबल एनर्जी, हाइड्रोजन, बायोफ्यूल, इलेक्ट्रिफिकेशन, डिजिटलाइजेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नेट-जीरो पाथवे जैसे विषय शामिल हैं। (India Energy Week 2026)

इथेनॉल ब्लेंडिंग में बड़ी उपलब्धि: हरदीप सिंह पुरी

उद्घाटन समारोह में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत ने इथेनॉल सप्लाई ईयर 2025 में लगभग 20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इससे पिछले एक दशक में करीब 19.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और किसानों को 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा का सीधा भुगतान किया गया है। पुरी ने कहा कि 2050 तक वैश्विक ऊर्जा मांग में भारत की हिस्सेदारी 30-35 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है, जो कुल वैश्विक ऊर्जा मांग का लगभग 10 प्रतिशत होगी। इसे देखते हुए सरकार पूरे ऊर्जा मिश्रण में क्षमता विस्तार पर काम कर रही है, जिसमें 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता को 100 गीगावॉट तक ले जाने का लक्ष्य भी शामिल है। (India Energy Week 2026)

500 बिलियन डॉलर निवेश की संभावना

सरकार तेल और गैस सेक्टर में निवेश को बढ़ाने के लिए लगातार सुधार कर रही है। इस दशक के अंत तक इस सेक्टर में 100 बिलियन डॉलर निवेश का लक्ष्य रखा गया है। कुल मिलाकर भारत का ऊर्जा क्षेत्र करीब 500 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे भारत जल्द ही दुनिया का सबसे बड़ा तेल रिफाइनिंग हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इंडिया एनर्जी वीक 2026 के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश साफ है कि भारत न सिर्फ अपनी ऊर्जा ज़रूरतों को पूरा करने में सक्षम है, बल्कि दुनिया के लिए भी एक भरोसेमंद एनर्जी पार्टनर बनकर उभर रहा है। भारत-EU फ्री ट्रेड डील, बढ़ती रिफाइनिंग क्षमता और ग्रीन एनर्जी पर फोकस के साथ भारत वैश्विक ऊर्जा भविष्य की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाने को तैयार है।

Back to top button
error: Content is protected !!