T-20 वर्ल्ड कप सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से होगी भारत की शुरुआत, ‘ग्रुप ऑफ चैंपियंस’ में कड़ी चुनौती

India Super 8 Matches: T-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के बाद 8 टीमें सेकेंड राउंड यानी सुपर-8 में पहुंच चुकी हैं। इन टीमों को 4-4 के दो ग्रुप में बांटा गया है। टीम इंडिया को ग्रुप-1 में दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ रखा गया है। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो वेस्टइंडीज को छोड़कर बाकी दोनों टीमों के खिलाफ भारत का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड मजबूत रहा है। सुपर-8 में टीम इंडिया का पहला मैच 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। पिछले T-20 वर्ल्ड कप के बाद दोनों टीमों के बीच 8 T-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए, जिनमें से 6 में भारत ने जीत दर्ज की, जबकि साउथ अफ्रीका को सिर्फ 2 मैचों में सफलता मिली।
यह भी पढ़ें:- T20 World Cup 2026: सुपर-8 की 8 टीमें तय, जानिए पूरा शेड्यूल और किससे कब भिड़ेंगी भारत-पाकिस्तान
T-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भी भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें 7 बार आमने-सामने आई हैं, जिनमें 5 बार भारत और 2 बार साउथ अफ्रीका विजयी रहा। खास बात यह है कि भारत ने 2014 के सेमीफाइनल और 2024 के फाइनल में भी टीम को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था। ओवरऑल T-20 रिकॉर्ड में भी भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ करीब 60% मैच जीते हैं। टीम इंडिया का दूसरा सुपर-8 मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7 बजे से होगा। 29 जून 2024 को T-20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर गई थी। वहां पहले ही मुकाबले में जिम्बाब्वे ने भारत को 102 रन पर समेटते हुए 13 रन से चौंकाने वाली जीत दर्ज की थी। हालांकि इसके बाद भारत ने जोरदार वापसी की और सीरीज 4-1 से अपने नाम की। (India Super 8 Matches)

1 मार्च को वेस्टइंडीज से निर्णायक मुकाबला
T-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें अब तक सिर्फ एक बार भिड़ी हैं। 2022 में मेलबर्न में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 186 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे 115 रन पर सिमट गया था। दोनों टीमों के बीच अब तक 13 T-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 10 भारत और 3 जिम्बाब्वे ने जीते हैं। सुपर-8 में भारत का आखिरी मैच 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। यह मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। पिछले वर्ल्ड कप के बाद दोनों टीमें आमने-सामने नहीं आई हैं। ओवरऑल T-20 रिकॉर्ड में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 63% मैच जीते हैं, लेकिन T-20 वर्ल्ड कप में कैरेबियाई टीम का पलड़ा भारी रहा है। (India Super 8 Matches)

ग्रुप-1 बना ‘ग्रुप ऑफ चैंपियंस’
ICC टूर्नामेंट में दोनों टीमें पहली बार 2009 में लॉर्ड्स में भिड़ीं, जहां भारत 7 विकेट से हार गया। 2010 में भी वेस्टइंडीज ने 14 रन से जीत दर्ज की। भारत को पहली जीत 2014 में मिली, जब टीम 7 विकेट से विजयी रही। 2016 के मुंबई सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने भारत को 2 गेंद शेष रहते 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उस मैच में विराट कोहली के 89 रन के बावजूद टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। ग्रुप स्टेज में 20 टीमों को 5-5 के चार ग्रुप में बांटा गया था। भारत अपने ग्रुप में सभी मैच जीतकर टॉप पर रहा। दिलचस्प बात यह है कि भारत के सुपर-8 ग्रुप में शामिल जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका भी अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहे। यानी ग्रुप-1 की सभी टीमें ग्रुप स्टेज में अजेय रही हैं।

ईशान और सूर्यकुमार पर टिकी बल्लेबाजी
वहीं ग्रुप-2 में श्रीलंका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं, जिन्हें ग्रुप स्टेज में कम से कम एक हार का सामना करना पड़ा। इस T-20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन भारत के लिए सबसे ज्यादा 176 रन बना चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। उनके बाद सूर्यकुमार यादव ने 162 रन बनाए हैं। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 84 रन की मैच विनिंग पारी खेलकर टीम को अहम जीत दिलाई थी। गेंदबाजी में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 9 विकेट लिए हैं और उनकी इकोनॉमी 5.16 की रही है। वे ICC की T-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में भी नंबर-1 स्थान पर हैं। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 6 और हार्दिक पंड्या ने 5 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। सुपर-8 में टीम इंडिया के सामने कड़ी चुनौती जरूर है, लेकिन मौजूदा फॉर्म और आंकड़ों को देखें तो भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है।




