Google Analytics —— Meta Pixel

भारत-UAE के बीच LPG सप्लाई समेत 5 बड़े समझौते, UAE ने भारत में 5 अरब डॉलर निवेश का ऐलान

India UAE Partnership: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी UAE दौरे पर अबूधाबी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान UAE एयरफोर्स के F-16 फाइटर जेट्स ने प्रधानमंत्री मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया, जिसे दोनों देशों के मजबूत रणनीतिक रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, रक्षा, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े पांच महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। सबसे अहम समझौता भारत को LPG सप्लाई को लेकर हुआ है, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:- UAE दौरे पर PM मोदी, मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात; हमलों की निंदा कर बोले- भारत आपके साथ

बैठक के बाद UAE ने भारत में 5 अरब डॉलर के बड़े निवेश की घोषणा भी की। यह निवेश भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर, RBL बैंक और सम्मान कैपिटल में किया जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों नेताओं ने ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश और पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अबूधाबी पहुंचने पर UAE एयरफोर्स के F-16 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को सुरक्षा कवच प्रदान किया। इसे भारत और UAE के बीच गहराते सामरिक संबंधों का मजबूत संकेत माना जा रहा है। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए UAE नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि UAE आना उनके लिए दूसरे घर आने जैसा है। उन्होंने कहा कि लड़ाकू विमानों द्वारा विमान को एस्कॉर्ट किया जाना भारत के 140 करोड़ लोगों के लिए सम्मान की बात है।

भारत-UAE के बीच हुए 5 अहम समझौते

दोनों देशों के बीच जिन प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, उनमें भारत को LPG सप्लाई बढ़ाने का समझौता, स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व में सहयोग, रक्षा क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने पर सहमति, गुजरात के वडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर विकसित करने का समझौता, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में सहयोग बढ़ाने पर सहमति शामिल हैं। इन समझौतों से भारत की ऊर्जा जरूरतों को स्थिर सप्लाई मिलने के साथ-साथ रक्षा और व्यापारिक सहयोग भी मजबूत होगा। UAE ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बड़े निवेश की घोषणा की है। इसके अलावा RBL बैंक और सम्मान कैपिटल में भी निवेश किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार यह निवेश भारत की आर्थिक वृद्धि और वित्तीय क्षेत्र को मजबूती देगा। (India UAE Partnership)

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच अहम माना जा रहा दौरा

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देगी। पूर्व भारतीय राजदूत संजय सुधीर ने कहा कि पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात के बीच प्रधानमंत्री मोदी का UAE दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा क्षेत्र में स्थिरता और सहयोग के लिए भारत के समर्थन का संदेश भी देती है। हाल ही में UAE ने तेल उत्पादक देशों के संगठन OPEC से अलग होने की घोषणा की थी। UAE अब 2027 तक अपना क्रूड ऑयल उत्पादन बढ़ाकर 50 लाख बैरल प्रतिदिन करने की योजना पर काम कर रहा है। भारत और UAE ने द्विपक्षीय व्यापार को 2032 तक 200 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इससे पहले जनवरी में UAE राष्ट्रपति अल नाहयान भारत आए थे, जहां दोनों देशों के बीच ट्रेड, डिफेंस, न्यूक्लियर एनर्जी, AI और स्पेस सेक्टर सहित 9 बड़े समझौते हुए थे। इनमें LNG गैस सप्लाई, डेटा सेंटर निवेश, सुपर कंप्यूटर, परमाणु ऊर्जा और रक्षा सहयोग जैसे क्षेत्र शामिल थे। (India UAE Partnership)

भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है UAE

UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच 6 लाख करोड़ रुपए से अधिक का व्यापार होता है। भारत UAE को पेट्रोलियम उत्पाद, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग मशीनरी, खाद्य पदार्थ, जेम्स एंड ज्वेलरी और केमिकल्स का निर्यात करता है। वहीं भारत UAE से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और ऊर्जा उत्पाद आयात करता है। दोनों देशों के बीच बढ़ता आर्थिक और रणनीतिक सहयोग भारत की ऊर्जा सुरक्षा और व्यापारिक हितों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत और UAE के बीच हुए ये समझौते सिर्फ ऊर्जा और व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने वाले माने जा रहे हैं। पश्चिम एशिया के बदलते हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा भारत की कूटनीतिक सक्रियता और वैश्विक सहयोग को भी दर्शाता है। आने वाले समय में LPG सप्लाई, निवेश और रक्षा सहयोग से भारत-UAE संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!