Google Analytics —— Meta Pixel

UAE दौरे पर PM मोदी, मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात; हमलों की निंदा कर बोले- भारत आपके साथ

PM Modi UAE Visit : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) दौरे पर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। यूएई पहुंचने पर राष्ट्रपति Mohamed bin Zayed Al Nahyan ने स्वयं एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई पर हाल में हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है और पश्चिम एशिया में जारी तनाव पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। (PM Modi UAE Visit)

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने यूएई को भारत का करीबी मित्र और “दूसरा घर” बताया। उन्होंने कहा कि यूएई की ओर से मिले सम्मान ने भारतवासियों का मान बढ़ाया है। साथ ही हाल की प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताने के लिए उन्होंने यूएई नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है। भारत हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देता रहा है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित और खुला बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पीएम मोदी ने यूएई नेतृत्व द्वारा कठिन परिस्थितियों में दिखाए गए संयम और साहस की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने के लिए उठाए गए कदम प्रशंसनीय हैं।

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के विमान के यूएई सीमा में प्रवेश करते ही उसे एफ-16 लड़ाकू विमानों ने एस्कॉर्ट किया। दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच एलपीजी समेत कई महत्वपूर्ण समझौतों और एमओयू पर चर्चा हुई। हालांकि, समझौतों का विस्तृत ब्योरा आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा किया जाएगा। (PM Modi UAE Visit)

यह भी पढ़े :- मैनपावर सप्लाई घोटाले में अनवर ढेबर को झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत

Back to top button
error: Content is protected !!