India vs England : बुमराह की वापसी से हिल जाएगा लॉर्ड्स? तीसरे टेस्ट में होगी असली टक्कर, तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में 10 जुलाई से

India vs England : एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी अब 1-1 की बराबरी पर पहुंच चुकी है। भारत ने बर्मिंघम टेस्ट को 336 रन से जीतकर सीरीज में जोरदार वापसी की है। इससे पहले लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को 5 विकेट से हराया था। 5 मैचों की इस टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला अब 10 जुलाई से क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान में खेला जाएगा।
लॉर्ड्स की पिच पर आमतौर पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में इसी पिच पर आखिरी तीन दिन बल्लेबाजों को भी सहायता मिली थी।
11 से 14 जून के बीच हुए फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 सेशन में 282 रन का लक्ष्य चेस कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता। इस मैच में शुरुआती ढाई दिनों में तीन पारियां समाप्त हो गईं, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करना आसान होता चला गया। लॉर्ड्स टेस्ट के लिए भी ऐसे ही कंडीशन देखने को मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें :- क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी : रायपुर में फिर गूंजेगा क्रिकेट का शोर, भारत-साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की आमने-सामने टक्कर
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में फिलहाल बदलाव की कोई संभावना नहीं है। सीरीज में चार बल्लेबाजों ने 200 से ज्यादा रन बनाए हैं। ओपनिंग जोड़ी ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। यशस्वी जायसवाल ने एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 220 रन बनाए हैं, वहीं केएल राहुल के नाम 236 रन हैं, जिसमें एक शतक और एक फिफ्टी शामिल है। (India vs England)
कप्तान शुभमन गिल ने सीरीज में अब तक 3 शतक की मदद से 585 रन बनाकर टॉप स्कोरर बने हुए हैं। उपकप्तान ऋषभ पंत ने दो शतक की मदद से 342 रन बनाए हैं।
बर्मिंघम टेस्ट में रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में 89 और दूसरी पारी में नाबाद 69 रन बनाए थे। वॉशिंगटन सुंदर ने 42 रन बनाकर दूसरी पारी में बेन स्टोक्स का अहम विकेट लिया। लेकिन लॉर्ड्स की पिच को देखते हुए सुंदर की जगह शार्दूल ठाकुर को मौका मिल सकता है, जो स्विंग में उपयोगी साबित हो सकते हैं। (India vs England)
कप्तान शुभमन गिल ने बर्मिंघम टेस्ट के बाद पुष्टि की कि लॉर्ड्स टेस्ट में जसप्रीत बुमराह खेलेंगे। वे प्रसिद्ध कृष्णा की जगह लेंगे, जिन्होंने पिछले मैच में 111 रन देकर एक भी विकेट नहीं लिया। मोहम्मद सिराज और आकाश दीप मुख्य पेसर होंगे, वहीं शार्दूल ठाकुर पांचवें पेसर की भूमिका निभाएंगे। (India vs England)
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर/शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप।
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गॉस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर।



