US में भारतीय दवाइयां, डायमंड और मसाले टैरिफ-फ्री! पीयूष गोयल बोले- भारत के लिए ‘स्वर्णिम दिन’
चीन पर 35%, बांग्लादेश पर 25% टैरिफ; भारत को मिला प्रतिस्पर्धात्मक लाभ
India-US Trade Deal : भारत और अमेरिका के बीच शनिवार (7 फरवरी) को हुए अंतरिम व्यापार समझौते (India-US Trade Deal) को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दोनों देशों के हित में एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में उल्लेखनीय लाभ मिलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीयूष गोयल ने बताया कि जहां अमेरिका ने चीन पर 35 प्रतिशत और बांग्लादेश व वियतनाम पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया है, वहीं भारत पर केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा। इसके साथ ही कई भारतीय उत्पादों को अमेरिका में पूरी तरह टैरिफ-फ्री पहुंच दी गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस समझौते के तहत जेनेरिक दवाइयां, रत्न-आभूषण, हीरे, विमान के पुर्जे सहित कई उत्पादों पर अमेरिका कोई शुल्क नहीं लगाएगा। इससे भारत के निर्यातकों के लिए लगभग 30 ट्रिलियन डॉलर की अमेरिकी अर्थव्यवस्था ‘मोस्ट प्रेफर्ड ड्यूटी’ के साथ खुल गई है। उन्होंने इसे भारत के इतिहास में एक स्वर्णिम दिन करार दिया।
विकसित भारत 2047 की दिशा में अहम कदम
पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता फरवरी 2025 में शुरू हुई थी, जिसका उद्देश्य वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे दूरदर्शी और मजबूत साझेदारी बताया।
ये उत्पाद होंगे टैरिफ-फ्री
इस व्यापार समझौते से भारतीय लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), किसानों और मछुआरों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। रत्न-आभूषण और औषधीय उत्पादों के अलावा डायमंड, फार्मा उत्पाद, कॉफी, आम और कई कृषि वस्तुएं अब अमेरिका में बिना किसी टैरिफ के निर्यात की जा सकेंगी।
कृषि क्षेत्र में चाय, मसाले, नारियल तेल, वनस्पति मोम, सुपारी, ब्राजील नट्स, फल-सब्जियां, अनाज, जौ, बेकरी उत्पाद, कोको उत्पाद, तिल के बीज, खसखस और खट्टे फलों के रस को भी टैरिफ-फ्री पहुंच मिलेगी। मंत्री के अनुसार कुछ ऐसे उत्पाद, जिन पर पहले 50 प्रतिशत तक शुल्क लगता था, अब शून्य टैरिफ पर अमेरिकी बाजार में जाएंगे।
अन्य देशों की तुलना में भारत को बढ़त
पीयूष गोयल ने बताया कि नए व्यापार ढांचे के तहत भारत को अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में स्पष्ट लाभ मिला है। जहां चीन पर 35 प्रतिशत, बांग्लादेश और वियतनाम पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है, वहीं भारत को अपेक्षाकृत कम शुल्क का सामना करना होगा, जिससे भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी। (India-US Trade Deal)



