Google Analytics —— Meta Pixel

भारत का पहला अंतरिक्ष मिशन 2026: आज उड़ान भरेगा पीएसएलवी-सी62

PSLV-C62 Launch: भारत अपने 2026 के अंतरिक्ष अभियान की शुरुआत आज पीएसएलवी-सी62 (PSLV-C62 Launch) मिशन के साथ करने जा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) आज सुबह 10:18 बजे आंध्र प्रदेश स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से पीएसएलवी-सी62 रॉकेट का प्रक्षेपण करेगा। इस मिशन के तहत पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-एन1, जिसे ‘अन्वेषा’ नाम दिया गया है, को अंतरिक्ष में स्थापित किया जाएगा।

यह भी पढ़े :- Rashifal 12 January 2026: आज सोमवार का राशिफल, कैसा रहेगा आपका दिन, क्या कहती है आपकी राशि, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

इसरो के अनुसार, रविवार दोपहर 12:48 बजे इस मिशन की उलटी गिनती शुरू हुई, जिसकी कुल अवधि 22 घंटे 30 मिनट है। लगभग 260 टन वजनी पीएसएलवी-सी62 रॉकेट अन्वेषा उपग्रह को पृथ्वी से करीब 200 से 600 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित ध्रुवीय सूर्य-तुल्यकालिक कक्षा में स्थापित करेगा। यह उपग्रह पृथ्वी अवलोकन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में उपयोगी होगा।

मुख्य उपग्रह के साथ-साथ इस मिशन में इसरो की वाणिज्यिक शाखा न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से भारत और विदेशों के कुल 14 सह-यात्री उपग्रह भी अंतरिक्ष में भेजे जाएंगे। इन सभी उपग्रहों को प्रक्षेपण के लगभग 17 मिनट के भीतर क्रमिक रूप से कक्षा में स्थापित किया जाएगा।

मिशन का एक अहम चरण प्रक्षेपण के दो घंटे बाद आएगा, जब रॉकेट के चौथे चरण (PS4) को दोबारा प्रज्वलित कर लगभग 25 किलोग्राम वजनी ‘केस्ट्रेल इनिशियल टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेटर’ कैप्सूल के डी-बूस्ट और पुनः प्रवेश का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद PS4 चरण और कैप्सूल के पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश कर दक्षिण प्रशांत महासागर में गिरने की संभावना है।

गौरतलब है कि पीएसएलवी अब तक 63 सफल मिशन पूरे कर चुका है, जिनमें चंद्रयान-1, मार्स ऑर्बिटर मिशन और आदित्य-एल1 जैसे ऐतिहासिक अभियान शामिल हैं। पीएसएलवी-सी62 इसकी 64वीं उड़ान होगी, जो एक बार फिर भारत के सबसे भरोसेमंद प्रक्षेपण यान के रूप में इसकी भूमिका को रेखांकित करती है। (PSLV-C62 Launch)

Back to top button
error: Content is protected !!